गलत नाम के बोर्ड से भड़के रहवासी, सफाई और जल व्यवस्था पर सवाल

आमला। नगर पालिका द्वारा वार्डों में गली और पहुंच मार्ग की पहचान के लिए लगाए गए बोर्ड अब विवाद का कारण बन रहे हैं। वार्ड क्रमांक 5 में लगाए गए बोर्ड पर ‘साई कॉलोनी’ नाम अंकित किए जाने को लेकर वार्डवासियों ने नाराजगी जताई है। रहवासियों का कहना है कि वे वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं और क्षेत्र ‘गणेश कॉलोनी’ के नाम से जाना जाता है। उनका आरोप है कि नगर पालिका ने मनमर्जी से बोर्ड पर नाम अंकित कर दिया। रहवासियों ने बोर्ड से ‘साई कॉलोनी’ हटाकर ‘गणेश कॉलोनी’ नाम लिखने की मांग की है।

नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी का आरोप

वार्डवासियों ने शिकायत में बताया कि नालियों और सड़कों की नियमित सफाई नहीं होने से क्षेत्र में गंदगी बनी रहती है। नालियों में कचरा फंसा होने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। रहवासियों का कहना है कि सड़कों पर छोटे बच्चे खेलते हैं, ऐसे में आसपास फैली गंदगी से स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।

नल आने का समय तय करने की मांग

रहवासियों ने पेयजल व्यवस्था को लेकर भी नगर पालिका पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। वार्डवासी लंबे समय से नल आने का निश्चित समय तय करने की मांग कर रहे हैं। नीलेश राठौर ने बताया कि कई बार नल कुछ समय के लिए आता है और लोगों को इसकी जानकारी तक नहीं हो पाती, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।

वार्डवासियों ने नगर पालिका से बोर्ड पर क्षेत्र का सही नाम अंकित करने, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और नल आने का समय निर्धारित करने की मांग की है।शिकायत आवेदन देते समय नीलेश राठौर, बंटी मांडेकर, कन्हैया विजयकर, मोटू विश्वकर्मा, हेमू राठौर, अनिल झरवड़े, शंकरराव धोटे, भोजराज वाईकर सहित अन्य वार्डवासी उपस्थित रहे।

 

 

 

Next Post

मानव अधिकार सुरक्षा संगठन ने की सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग

Wed Sep 9 , 2026
सारनी। अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार सुरक्षा संगठन ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। संगठन के जिला अध्यक्ष सतीश बौरासी ने कहा कि सारनी क्षेत्र में चोरी, लूट, छेड़छाड़, चैन स्नैचिंग, चाकूबाजी सहित अन्य अपराधिक घटनाओं की […]

You May Like