सारनी। अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार सुरक्षा संगठन ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।
संगठन के जिला अध्यक्ष सतीश बौरासी ने कहा कि सारनी क्षेत्र में चोरी, लूट, छेड़छाड़, चैन स्नैचिंग, चाकूबाजी सहित अन्य अपराधिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था अपराधों की रोकथाम एवं आरोपियों की पहचान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। संगठन ने जयस्तंभ चौक,शॉपिंग सेंटर,दमुआ रोड तिराहा,बाबा मठारदेव मंदिर परिसर, नया बस स्टैंड चौक, शॉपिंग सेंटर अंबेडकर चौक, बाजार चौक, पाथाखेड़ा राजीव चौक, बस स्टैंड, मस्जिद चौक,अंबेडकर चौक, शोभापुर चौक, कॉलेज चौक बगडोना , हवाई पट्टी चौपाटी सहित अन्य संवेदनशील एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष रूप से नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग की गई है।
सारनी क्षेत्र में हाल के दिनों में पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से अपराधों के खुलासे के मामले भी सामने आए हैं। ऐसे में शहर के प्रमुख स्थानों पर निगरानी कैमरों का नेटवर्क मजबूत होने से पुलिस को अपराध नियंत्रण और जांच में मदद मिलने की उम्मीद है। ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष सतीश बौरासी,महिला जिला महामंत्री रेखा पवार, जिला महामंत्री संतोष कैथवास,जिला मंत्री राकेश सोनी,अशोक छिपने,जिला उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल,मनोज तिवारी,तहसील महामंत्री राकेश डहेरिया,गजानंद पवार सहित संगठन के पदाधिकारी एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
