ग्वालियर:आंतरी क्षेत्र में मुस्लिम समाज के एक व्यक्ति की मौत के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मृतक के परिजन बुधवार को शव को बस्ती के पास स्थित कब्रिस्तान में दफनाने पहुंचे तो वहां के कुछ लोगों ने इसका विरोध कर दिया। उनका कहना था कि शव को किसी अन्य कब्रिस्तान में ले जाया जाए, क्योंकि वर्तमान कब्रिस्तान में पानी भरा हुआ है।मृतक के परिजन आक्रोशित हो गए और शव को लेकर ग्वालियर-झांसी हाईवे के जौरासी क्षेत्र में धरने पर बैठ गए।
इसके चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।सूचना मिलते ही बिलौआ थाना प्रभारी इला टंडन समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे। कई घंटे की बातचीत के बाद सहमति बनी कि संबंधित विभाग कब्रिस्तान की सफाई कराएगा और फिर शव को वहीं दफनाया जाएगा।
