यश दयाल की यूपी रणजी टीम में वापसी, आर्यन जुयाल संभालेंगे कप्तानी

लखनऊ, 07 अक्टूबर (वार्ता) बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ यश दयाल की उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम में वापसी हो गई है। आईपीएल 2025 के बाद से ही मैदान से दूर चल रहे दयाल को रणजी ट्रॉफ़ी 2026-27 के लिए यूपी की टीम में जगह मिली है। युवा विकेटकीपर बल्लेबाज़ आर्यन जुयाल को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। पिछले रणजी सीज़न के अंत में भी जुयाल ने कुछ मैचों के लिए टीम की कमान संभाली थी। इसके अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी ) में दयाल के साथी खिलाड़ी रहे दाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ अभिनंदन सिंह को भी पहली बार यूपी की टीम में शामिल किया गया है।

घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम तक आ चुके दयाल ने उच्च स्तर पर अपना आख़िरी प्रतिस्पर्धी मैच पिछले साल जून में खेला था, जो कि आईपीएल 2025 का फ़ाइनल था। आरसीबी ने उन्हें नीलामी से पहले रिटेन किया था, लेकिन आईपीएल 2026 की टीम में उन्हें जगह नहीं मिली थी। मो बोबाट की अगुवाई वाले कोचिंग स्टाफ़ ने कहा था, “व्यक्तिगत कारणों के चलते दयाल और आरसीबी दोनों के लिए उन्हें चुनना हितकारी नहीं था।”

दयाल ने इस साल जून में यूपी के ग़ाज़ियाबाद में हुए ग़ाज़ियाबाद प्रीमियर लीग में हिस्सा लेकर यूपी क्रिकेट में वापसी की कोशिश की थी। अगस्त में खेली गई यूपीटी20 लीग के लिए गौर गोरखपुर लायंस टीम ने अपने रिटेन खिलाड़ियों की सूची में उन्हें शामिल भी किया था। लेकिन नीलामी के बाद जब टीम ने अपने सभी 18 खिलाड़ियों की सूची जारी की, तो दल में दयाल का नाम ग़ायब था। दयाल ने यूपीटी20 शुरू होने से पहले ही उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मांगा था। वह छत्तीसगढ़ से खेलना चाहते थे और उन्हें एनओसी मिल भी गई थी।

वह छत्तीसगढ़ के प्री सीज़न कैंप का हिस्सा भी बने थे, लेकिन यूपीटी20 समाप्त होने के बाद वह वापस लौट आए और उन्होंने यूपीसीए से एनओसी वापस लेने की गुजारिश की। इसके बाद कानपुर में वह यूपी की टीम के प्री सीज़न कैंप का हिस्सा बने। अब वह सीज़न के लिए टीम में चुन लिए गए हैं। पिछले सीज़न खेलने वाले आक़िब ख़ान और कुनाल त्यागी जैसे युवा तेज़ गेंदबाज़ों को इस बार जगह नहीं मिली है। आक़िब ने यूपीटी20 में भी हिस्सा नहीं लिया था।

लेग स्पिनर ज़ीशान अंसारी की लगभग छह साल बाद यूपी की लाल गेंद वाली टीम में वापसी हुई है। हाल ही में उनका चयन दलीप ट्रॉफ़ी के लिए भी हुआ था। 2017 में ही प्रथम श्रेणी डेब्यू करने के बावजूद वह अब तक इस प्रारूप में केवल छह ही मैच खेल पाए हैं। पिछले सीज़न के दूसरे चरण में रणजी मैच खेलने वाले कार्तिक त्यागी इस बार सीज़न की शुरुआत से ही टीम का हिस्सा होंगे। उन्होंने आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए 14 मैचों में 18 विकेट लिए थे और अपने पुराने अंदाज़ में नज़र आए थे। यूपीटी20 लीग में भी उन्होंने 11 मैच खेलते हुए 10 विकेट हासिल किए।युवा हाथों में सौंपी गई कमान

2024-25 सीज़न में 22 साल के जुयाल को यूपी का रणजी कप्तान बनाया गया था, लेकिन अगले सीज़न कमान करन शर्मा के हाथों में सौंप दी गई थी। पिछले सीज़न भी करन ही टीम के कप्तान थे, लेकिन दूसरे चरण से पहले जुयाल को कप्तानी सौंपी गई। अब एक बार फिर उन्हें बरकरार रखते हुए चयनकर्ताओं ने उनके ऊपर भरोसा दिखाया है। जुयाल का बल्ले से प्रदर्शन तो जोरदार रहा है, लेकिन उन्हें अब टीम के परिणामों में भी बदलाव लाने के लिए मेहनत करनी होगी।

कप्तानी के अपने पहले सीज़न में जुयाल ने बल्ले से धमाल मचाते हुए 10 पारियों में 79.33 की औसत से 714 रन बनाए थे जिसमें एक दोहरा और तीन शतक शामिल रहे थे। वह सीज़न में यूपी के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ रहे थे। हालांकि, टीम के लिए परिणाम बहुत अच्छे नहीं रहे थे और उन्हें सात में से केवल एक ही मैच में जीत मिली थी। एक हार के अलावा टीम ने पांच ड्रॉ खेले थे।

उत्तर प्रदेश रणजी ट्रॉफ़ी टीम: आर्यन जुयाल (कप्तान), रिंकू सिंह, अभिषेक गोस्वामी, आराध्य यादव, करन शर्मा, माधव कौशिक, आदित्य शर्मा, सिद्धार्थ यादव, प्रशांत वीर, कार्तिक यादव, ज़ीशान अंसारी, वंश चौधरी, यश दयाल, प्रियम गर्ग, अभिनंदन सिंह, कार्तिक त्यागी। कोचिंग स्टाफ़ की नहीं हुई है घोषणा यूपी को अपना पहला मैच 11 अक्टूबर से बिहार के ख़िलाफ़ खेलना है। यह मैच राजगीर में खेला जाएगा तो यूपी की टीम को यात्रा भी करनी है। हालांकि, इसके बावजूद अब तक टीम के कोचिंग स्टाफ़ की घोषणा नहीं हुई है। पिछले सीज़न अरविंद कपूर टीम के मुख्य कोच की भूमिका में थे। यूपीसीए की टैलेंट सर्च कमेटी के ऑब्जर्वर रिज़वान शमशाद के अंडर टीम फिलहाल कानपुर में कैंप कर रही है।

.....

Next Post

अयोग्य शिक्षक को प्राचार्य का प्रभार, भड़के छात्रों का कलेक्टर कार्यालय के लिए पैदल मार्च

Wed Oct 7 , 2026
​शहडोल । जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बिरौड़ी में प्रभार को लेकर विवाद गहरा गया है। प्रथम श्रेणी (प्रथम वर्ग) प्राचार्य का पद स्वीकृत होने के बावजूद, नियम-कायदों को ताक पर रखकर माध्यमिक शिक्षक आर.के. गुप्ता को प्राचार्य पद की जिम्मेदारी सौंपने का मामला सामने आया है। इस निर्णय […]

You May Like