
नवभारत न्यूज
दमोह. शहर में शनिवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां जबलपुर नाका स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस-प्रशासनिक टीम के सामने एक युवक ने रेडियम कटर से अपना हाथ काट लिया. घायल युवक की पहचान पलंदी चौराहा निवासी बिट्टू राज के रूप में हुई है. जिसे यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को सहित पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया.बिट्टू राज के अनुसार, महाकाल इलेक्ट्रिकल के नाम से उनकी दुकान पिछले दो वर्षों में प्रशासन द्वारा तीन बार हटाई जा चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन युवाओं को रोजगार देने की बजाय उनका रोजगार छीन रहा है. दुकान हटने से आर्थिक संकट और परिवार के भरण-पोषण की चिंता के कारण उन्होंने यह कदम उठाया.एसडीएम आर एल बागरी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले सभी को पूर्व सूचना दी गई थी. उन्होंने कहा कि युवक स्वस्थ है और प्राथमिकता अतिक्रमण हटाने की है, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. कलेक्टर सुधीर कोचर ने भी स्पष्ट किया कि उनकी पहली प्राथमिकता युवक का पूर्ण स्वास्थ्य लाभ सुनिश्चित करना है.घटना ने स्थानीय प्रशासन और छोटे व्यापारियों के बीच तनाव को उजागर किया है. जहां एक तरफ प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को आवश्यक बता रहा है, वहीं दूसरी ओर व्यापारियों का कहना है कि इससे उनकी आजीविका प्रभावित हुई.बतादे कि यहां शराब दुकान होने के कारण आए दिन भीड़भाड़,उपद्रव और विवाद जैसी स्थितियां निर्मित होती थी. यह अवैध अतिक्रमण हटाने से कुछ सड़क हादसा और ऐसे विवाद में रोक लगेगी.
*घायल से जानकारी लेने पहुंचा पुलिस-प्रशासन*
स्वयं को घायल कर लेने पर जिसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया. घायल युवक की जानकारी लेने के लिए एसडीएम आर.एल.बागरी, तहसीलदार मोहित कुमार जैन, थाना प्रभारी दमोह देहात मनीष कुमार, यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को,एएसआई चौकी प्रभारी आनंद कुमार, आरआई अभिषेक जैन,जिला चिकित्सालय पहुंचे. जहां उन्होंने घायल युवक व उनके परिजनों से संवाद किया तथा डॉक्टर से स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए.
*सुझाव*
जो दमोह जबलपुर मार्ग पॉलिटेक्निक के पास अवैध अतिक्रमण हटाए गए. यह तो दमोह शहर के लिए सही है और सड़क हादसों में रोक लगेगी. लेकिन जो 100 से अधिक रोजगार बने हुए हैं वह बेरोजगार न हो उनके लिए एक सुझाव क्षेत्र वासियों द्वारा सामने आ रहा है, कि पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण के पीछे खाली जगह पड़ी है, वहां अगर 15×10 की दुकाने निकल आए और उन्हें निर्धारित रेट कर दी जाए, तो बेरोजगारी नहीं होंगी.
