दुबई, 8 मार्च (वार्ता) भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड की संभावनाओं को बराबर का रखते हुये भविष्यवाणी की है कि भारत की जीत में विराट कोहली और न्यूजीलैंड की जीत में केन विलियम्सन और रचिन रविंद्र की भूमिका अहम हो सकती है।
मैच की पूर्व संध्या पर आईसीसी रिव्यू के एक विशेष संस्करण में शास्त्री ने बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले अपनी भविष्यवाणी की। उन्होने कहा “ अगर उनकी संबंधित टीमें खिताब जीतती हैं तो रविवार को विराट कोहली, केन विलियमसन और रचिन रवींद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विलियमसन और कोहली शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने खेले गए चार मैचों में एक-एक अर्धशतक और एक शतक बनाया है। रवींद्र भी शानदार फॉर्म में हैं, उनके नाम अब तक दो शतक हैं, जिसमें सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाला शतक भी शामिल है।”
उन्होने कहा “ विलियमसन या कोहली जब फार्म में होते हैं और आप उन्हें अपने पहले 10 रन बनाने देते हैं, तो वे खतरनाक हो जाते हैं। इसलिए न्यूजीलैंड से, मैं विलियमसन का नाम लूंगा और एक हद तक, रचिन रवींद्र, वह एक शानदार युवा खिलाड़ी हैं।”
शास्त्री ने कहा “ फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच को चुनना हो तो मैं एक ऑलराउंडर को चुनूंगा। मैं भारत से अक्षर पटेल या रवींद्र जडेजा का नाम लूंगा। न्यूजीलैंड से, मुझे लगता है कि ग्लेन फिलिप्स में कुछ खास है। वह मैदान में शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं। वह 40, 50 रन की पारी खेल सकते हैं और शायद एक या दो विकेट लेकर आपको चौंका भी सकते हैं।”
सेमीफाइनल में फिलिप्स ने सिर्फ 27 गेंदों पर 49 रनों की तेज पारी खेली थी और न्यूजीलैंड को चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाने में मदद की थी। उन्होंने गेंद से भी अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया और दो विकेट चटकाए, जिससे न्यूजीलैंड ने आसानी से जीत हासिल कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। फिलिप्स ने क्षेत्ररक्षण में भी उम्दा प्रदर्शन करते हुये दो कैच लपके।
अक्षर और जडेजा भारत के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी रहे हैं, जो कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती के साथ स्पिन चौकड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और टीम को बहुत जरूरी बल्लेबाजी गहराई भी प्रदान करते हैं।
शास्त्री से पूछा गया कि क्या दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव होगा, खासकर न्यूजीलैंड की टीम की प्लेइंग इलेवन में, जो इसी मैदान पर भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज में हार गई थी। शास्त्री ने कहा, “ मुझे आश्चर्य नहीं होगा अगर पिच के आधार पर दोनों टीमों में कोई बदलाव हो,क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हमने जो पिच देखी, वह टूर्नामेंट में अब तक की सबसे अच्छी पिच थी। इसलिए ग्राउंड्समैन के पास पिछले मैच के बाद से सतह तैयार करने के लिए पांच दिन और हैं और अगर यह 280-300 की सतह है, जैसा कि पिछले मैच में था, तो आपको इसके बारे में सोचना चाहिए। लेकिन जब तक आवश्यक न हो, आप टीम में बदलाव नहीं करेंगे।”
