
डीएसपी निकिता सिंह ने कहा- हमारी शक्ति हमारे हौंसले में है
नीमच। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शनिवार को डीएसपी निकिता सिंह ने एक रैली का शुभारंभ किया। रैली कंट्रोल रूम से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस कंट्रोल रूम पर समाप्त हुई। इस दौरान पुलिस कंट्रोल रूम में सभी महिला पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और तकनीकी स्टाफ के लोग मौजूद रहे।
डीएसपी निकिता सिंह ने रैली का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हमारी शक्ति हमारे हौंसले में निहित है। रैली में खुली जीप पर भारत माता की स्वांग धारी सवार थीं। रैली का नेतृत्व डीएसपी निकिता सिंह, यातायात प्रभारी उर्मिला चौहान और सोनू बडगूजर ने किया। महिला पुलिसकर्मी बाइक पर सवार होकर तिरंगा लेकर चलीं। कुछ महिलाकर्मी हाथी पर सवार थीं। सभी ने नारी शक्ति जिंदाबाद के नारे लगाए।
यह रैली नारी शक्ति, समानता और समर्पण का प्रतीक बनी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना था कि महिलाओं को पुरुषों के बराबर सम्मान और अधिकार मिलने चाहिए। यह दिन नारीत्व के गौरव का उत्सव था और समाज में समानता की नींव को मजबूत करने का प्रयास था।
