जब चला पुलिस का डंडा,खत्म हुआ मेन रोड पर पार्किंग का फंडा

उज्जैन। आखिर हरिफाटक ब्रिज के समीप अवैध पार्किंग को हटाया गया, मौके पर जब ट्रैफिक पुलिस क्रेन लेकर पहुंची तो होटल संचालक वाहन चालकों और ट्रेवल्स एजेंसियो में हडक़ंप मच गया.3 घंटे तक चली कार्रवाई में दो दर्जन से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ जुर्माना कर कार्रवाई की गई।

महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने को लेकर प्रकाशित नवभारत की खबर का शुक्रवार को बड़ा असर देखने को मिला। उज्जैन पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर हरिफाटक ब्रिज के समीप मुख्य सडक़ मार्ग पर लंबे समय से हो रही अवैध पार्किंग के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 20 से अधिक वाहनों के चालान बनाए गए और वाहन चालकों को मौके पर ही जुर्माने की रसीद दी गई। अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस, नीलगंगा थाना पुलिस और पुलिस बल ने मोर्चा संभाला। सडक़ पर खड़े वाहनों को हटाने के लिए क्रेन भी बुलाई गई, जिससे वाहन चालकों में हडक़ंप मच गया, जिन वाहन चालकों ने कार खड़ी कर होटल या अन्य स्थानों पर चले गए थे, उन्हें फोन कर मौके पर बुलाया गया और तत्काल वाहन हटवाए गए। बाहर से आए ट्रैवलर वाहनों को भी सडक़ से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस ने होटल संचालकों को भी सख्त चेतावनी दी है कि वे अपने ग्राहकों के वाहन मुख्य सडक़ पर खड़े करने की सलाह न दें। नीलगंगा थाना के सामने, नंदी चौराहा और हरिफाटक ब्रिज के आसपास यदि दोबारा अवैध पार्किंग कराई गई तो वाहन मालिकों के साथ होटल संचालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि होटल वाले जानबूझकर मुख्य खाली सडक़ मार्ग पर अपने ग्राहकों की गाडिय़ां पार्क करवा देते हैं। हरिफाटक क्षेत्र सिंहस्थ-2028 के महत्वपूर्ण विकास कार्यों का प्रमुख मार्ग है। इसी रास्ते से जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के अधिकारी निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और शहरवासी भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। वहीं दूसरी ओर सडक़ चौड़ीकरण और निर्माण कार्यों के चलते डंपर, जेसीबी और अन्य भारी वाहन लगातार गुजर रहे हैं। ऐसे में सडक़ का एक हिस्सा हर समय यातायात के लिए खाली रखना आवश्यक है। शुक्रवार की कार्रवाई के बाद स्थानीय नागरिकों ने राहत महसूस की और पुलिस की पहल की सराहना की। प्रशासन का कहना है कि यह केवल एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि आगे भी नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी। मुख्य सडक़ पर अवैध पार्किंग करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई होगी और जरूरत पडऩे पर वाहन क्रेन से हटाए जाएंगे।

 

होटल और ट्रेवल्स वाले भी पहुंच गए

कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के होटल संचालक और ट्रेवल्स व्यवसायी भी मौके पर पहुंच गए। हल्के विरोध के बीच पुलिस ने स्पष्ट किया कि मुख्य सडक़ पर किसी भी स्थिति में अवैध पार्किंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नवभारत से चर्चा में ट्रैफिक पुलिस अधिकारी दुर्ग विजय सिंह ने बताया कि दो दर्जन से अधिक वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही यहां नो पार्किंग के बोर्ड भी लगाए जाएंगे ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक अनजाने में सडक़ किनारे वाहन खड़े न करें। कई बार लोग पहले से खड़े वाहनों को देखकर वहीं अपनी गाड़ी खड़ी कर देते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में ट्रेवल्स और होटल संचालक भी अपनी होटल पर आने वाले अतिथियों के लिए वाहनों की पार्किंग कहां पर करेंगे इसके संबंध में आए थे।

 

पार्किंग से अवैध वसूली न हो

शहर में कई स्थानों पर निजी स्तर पर अवैध पार्किंग और मनमानी वसूली की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। लोगों का कहना है कि नगर निगम से अधिकृत पार्किंग का संचालन करने वाले ठेकेदार निर्धारित स्थान पर ही पार्किंग कराएं और तय शुल्क ही वसूलें। कई मामलों में निर्धारित राशि से अधिक, 400 से 1000 रुपए तक की अवैध वसूली की शिकायतें भी सामने आई हैं। ऐसी शिकायतों पर भी सख्त कार्रवाई की आवश्यकता जताई जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों, श्रद्धालुओं, होटल संचालकों और ट्रेवल्स व्यवसायियों से अपील की है कि शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, केवल अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और नियमों का पालन कर महाकाल की नगरी की सुव्यवस्थित एवं सुंदर छवि बनाए रखने में सहभागी बनें।

Next Post

मंछामन मल्टी से कूदे दोहरे हत्याकांड के दो आरोपी

Fri Jul 24 , 2026
उज्जैन। नीलगंगा चौराहा पर गोरकर परिवार के दो सगे भाइयों की हत्या करने वाले आरोपियों की पुलिस लगातार तलाश कर रही है। शुक्रवार को तीन आरोपियों के मंछामन मल्टी में छुपे होने की खबर मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देख दो आरोपी मल्टी से कूद गए। एक […]

You May Like