कांग्रेस ने दिल्ली सरकार से की मालवीय नगर अग्निकांड में जान बचाने वाले युवकों को सम्मानित करने की मांग

नयी दिल्ली, 04 जून (वार्ता) दिल्ली प्रदेश के कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने राष्ट्रीय राजधानी के मालवीय नगर अग्निकांड के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर होटल में फंसे हुए लोगों बचाने वाले स्थानीय युवाओं को सम्मानित किए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक ज्ञापन सौंपा है। डॉ. नरेश कुमार ने गुरुवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि मालवीय नगर में हुई भीषण आग की घटना के दौरान मोहम्मद अफजल, वसीम राजा, मोहम्मद शुएब, आमिर खान, रियाजुद्दीन मंसूरी तथा अन्य स्थानीय नागरिकों ने अद्भुत साहस और मानवता का परिचय दिया। जब लोग आग और धुएं के बीच फंसे हुए थे, तब इन युवाओं ने मौके पर गद्दे बिछाकर ऊपरी मंजिलों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकलने में मदद की और कई लोगों की जान बचाने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि बचाव कार्य के दौरान कुछ युवाओं ने बेहोश लोगों को सीपीआर भी दी, जिससे कई लोगों को समय रहते प्राथमिक सहायता मिल सकी। इन युवाओं का साहस, सेवा भावना और मानवता पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, ” गंगा जमुनी तहजीब हमारी पहचान है। ऐसा कैसे हो सकता है कि हम अपने भाइयों से दूर हो जाएं या मुसीबत की घड़ी में उनका साथ न दें। मालवीय नगर के इन युवाओं ने साबित कर दिया कि इंसानियत और भाईचारा आज भी जिंदा है।” उन्होंने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को न बचा पाने का दुख हमेशा रहेगा, लेकिन इन युवाओं ने अपनी जान हथेली पर रखकर अन्य लोगों को बचाने की हरसंभव कोशिश की। ऐसे लोगों का सम्मान किया जाना चाहिए ताकि समाज में सेवा और मानवता की भावना को और अधिक बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि ऐसे नागरिक समाज के वास्तविक नायक होते हैं और उनकी बहादुरी तथा मानवता को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाना चाहिए।

.....

Next Post

आँखों की रोशनी के लिए एक गंभीर संकट है पीएमओएस बीमारी

Thu Jun 4 , 2026
– डॉ. हिमांशु शेखर, सीनियर ऑप्थल्मोलॉजी स्ट – बोर्ड डायरेक्टर, चीफ स्ट्रैटेजी ऑफिसर (क्लिनिकल और टीम बिल्डिंग), एएसजी आई हॉस्पिटल पीसीओएस का नाम बदलकर पीएमओएस करना यह दिखाता है कि यह बीमारी सिर्फ ओवरी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे शरीर पर बड़ा असर डालती है। इसमें शरीर के हार्मोन […]

You May Like

मनोरंजन