इंदौर: शहर में सामने आई चार अलग-अलग घटनाओं में एक हेल्पर, होटल कर्मचारी, युवती और मजदूर युवक की मौत हो गई. कनाड़िया में पंचर ट्रक का टायर बदल रहे दो लोगों को कार ने टक्कर मार दी, जिसमें 52 वर्षीय हेल्पर की जान चली गई. वहीं विजय नगर में होटल कर्मचारी और कनाड़िया में मजदूर ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली, जबकि रावजी बाजार में बिजली का करंट लगने से 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई.
कनाड़िया थाना क्षेत्र में ब्रिज की सर्विस रोड पर पंचर होने के कारण एक ट्रक खड़ा था. ट्रक का 17 वर्षीय नाबालिग भतीजा शेख रेहान पहिये के नट खोलकर टायर बदल रहा था, जबकि 52 वर्षीय हेल्पर सगीर खान टॉर्च से रोशनी दिखा रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई कार नम्बर एमपी 09 बीक्यू 1633 ने ट्रक के पीछे दाहिनी तरफ जोरदार टक्कर मार दी. कार की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद चालक कार समेत भाग निकला. अस्पताल में इलाज के दौरान सगीर खान की मौत हो गई, जबकि रेहान का उपचार जारी है.
पुलिस ने कार नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी है. विजय नगर थाना क्षेत्र के रसोमा इलाके में होटल कर्मचारी सुरेश पिता बजीरा उम्र 50 साल, निवासी अंजनी नगर ने काम खत्म करने के बाद अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया था, हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है और परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है. रावजी बाजार थाना क्षेत्र के लुनियापुरा में 18 वर्षीय करीना पिता कन्हैया घर में बिजली के प्लग में पिन लगा रही थी
. इसी दौरान वह करंट की चपेट में आकर अचेत होकर गिर पड़ी. परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. इधर, कनाड़िया थाना क्षेत्र के बिचौली हप्सी में रहने वाले मजदूर दीपू पिता जामसिंह उम्र 20 साल ने भी जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी. आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है. दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर आत्मघाती कदम उठाने की वजह पता की जा रही है.
