नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली विधान सभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर समानता और सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक थे। श्री गुप्ता ने आज दिल्ली विधान सभा परिसर में आयोजित डॉ. अम्बेडकर की 136वीं जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद कहा कि डॉ. अम्बेडकर भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार थे। उन्होंने संविधान को एक अद्वितीय और दूरदर्शी दस्तावेज बताते हुए कहा कि यह आज भी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर के विचार आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर के आदर्श और दृष्टि आज भी एक समावेशी, न्यायपूर्ण और समानतापूर्ण समाज के निर्माण के लिए प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि शासन और सार्वजनिक जीवन में इन सिद्धांतों को आगे बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। श्री गुप्ता ने यह भी उल्लेख किया कि डॉ. अम्बेडकर की जयंती को उनके महान योगदान के सम्मान में राजपत्रित अवकाश घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न से सम्मानित डॉ. अम्बेडकर को समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान हेतु उनके अद्वितीय योगदान के लिए सदैव स्मरण किया जाएगा।

