
ग्वालियर। बारामती विमान हादसे में जान गंवाने वाली कैप्टन शांभवी पाठक का अंतिम संस्कार ग्वालियर के बजाए दिल्ली में होगा. ग्वालियर में रहने वाली करीब 90 साल की उनकी दादी गुरुवार सुबह अपनी पोती को आखिरी दुलार करने के लिए यहां रहने वाले अन्य रिश्तेदारों के साथ दिल्ली रवाना हुईं. 360 किलोमीटर का सफर तय कर वे वहां पहुंच गई हैं. बीते रोज महाराष्ट्र के बारामती में हुए प्लेन क्रेश मे उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ सह पायलट शांभवी पाठक की भी जान चली गई थी. शांभवी पाठक ग्वालियर की बसंत विहार कॉलोनी की रहने वाली थीं, उनके पिता एयरफ़ोर्स के निवर्तमान ग्रुप कैप्टन विक्रम पाठक दिल्ली में रहते है जबकि ग्वालियर में शांभवी की दादी मीरा पाठक रहती हैं. हादसे से कुछ घंटे पहले उन्होंने अपनी दादी को मैसेज भेजा था, जिस पर दादी ने गुड मॉर्निंग कहकर प्यार लुटाया था. परिवार के लोग शांभवी को ‘चीनी’ कहकर बुलाते थे.
*घर पर लगी थीरिश्तेदारों की भीड़*
शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए उनके बसंत विहार स्थित घर पर रिश्तेदार और परिचितों की भीड़ आज सुबह तक जुटी रही. इस बीच फैसला हुआ कि शांभवी पाठक का अंतिम संस्कार दिल्ली में ही किया जाएगा. इसके बाद सुबह बुजुर्ग दादी क़ो लेकर रिश्तेदार दिल्ली के लिए निकल गए. बताया जा रहा है कि शांभवी का अंतिम संस्कार आज शाम को किया जाएगा. अभी दिल्ली स्थित घर पर रिश्तेदारों और परिचितों की भीड़ लगी है.
