
सीधी। जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सजमानी के समीप स्थित कोदौरा कैमूर पहाड़ में बुधवार दोपहर करीब 3.30 बजे तेज रफ्तार में अनियंत्रित एक हाईवा गहरी खाई में जा गिरा । हादसा इतना भयावह था कि वाहन के पहाड़ से नीचे गिरते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में चालक एवं खलासी गंभीर रूप से घायल हो गये।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के समय वाहन तेज रफ्तार में था और अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन सीधे खाई की ओर बढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। वहीं अमिलिया थाना पुलिस, प्रशासनिक अमला तथा राहत एवं बचाव दल भी तत्काल घटनास्थल में पहुंचा । वाहन चालक के गाड़ी में फंसा था । गैस कटर से हाइवा की बाडी काटकर कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि कैमूर पहाड़ का यह क्षेत्र घुमावदार मोड़ों और खतरनाक ढलानों के लिए जाना जाता है। बारिश अथवा तेज रफ्तार के कारण यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल द्वारा खाई में उतरकर वाहन तक पहुंचा। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया ।
इनका कहना है-
कोदौरा कैमूर पहाड़ में आज दोपहर 3.30 बजे हाइवा खाई में गिर गया था। हाइवा में चालक फंसा था। गैस कटर से बाडी काटकर करीब डेढ़ घंटे में चालक को जिंदा बाहर निकाला गया। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद सिहावल अस्पताल से जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। वही घायल खलासी को मऊगंज अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
– राकेश वैस, थाना प्रभारी अमिलिया
