इंदौर: रेल यात्रियों की सुरक्षा और जागरूकता के लिए जीआरपी इंदौर द्वारा शुरू की गई दो प्रमुख पहल हमारी सवारी–भरोसे वाली और पटरी की पाठशाला के एक माह पूरा होने पर रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने में समीक्षा कार्यक्रम हुआ.कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद शंकर ललवानी और विशिष्ट अतिथि महापौर पुष्यमित्र भार्गव रहे. बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे.
एसपी रेल पद्मविलोचन शुक्ला ने बताया कि समीक्षा में हमारी सवारी–भरोसे वाली योजना के तहत किराया वाहन चालकों की जानकारी क्यूआर कोड से सत्यापित होने लगी है, जिससे यात्रियों खासकर महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों में भरोसा बढ़ा है. वहीं पटरी की पाठशाला के जरिये बच्चों, महिलाओं और राहगीरों को रेलवे सुरक्षा, महिला सुरक्षा और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर लगातार जागरूक किया जा रहा है.
कार्यक्रम में जीआरपी अधिकारियों, स्टेशन कर्मचारियों, कुलियों, वाहन चालकों, बच्चों, परिजनों और यात्रियों ने हिस्सा लिया. सांसद और महापौर ने दोनों अभियानों को इंदौर की सकारात्मक छवि और यात्री सुरक्षा को मजबूत करने वाला कदम बताया. कार्यक्रम रेल सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ.
