आयरलैंड ने ओमान के खिलाफ बनाया टी-20 विश्वकप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर

कोलंबो, 14 फरवरी (वार्ता) कप्तान लोर्कान टकर (नाबाद 94), गैरेथ डेलेनी (56) तथा जॉर्ज डॉकरेल (नाबाद 35) की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर आयरलैंड ने शनिवार टी-20 विश्वकप के 22वें मुकाबले में ओमान के खिलाफ टूर्नामेंट का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर पांच विकेट पर 235 रन बनाया है।

आज यहां ओमान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही उसने 64 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिये। टिम टेक्टर (पांच), रॉस ऐडेर (14), हैरी टेक्टर (14) और कर्टिस कैमफर 12 रन बनाकर आउट हुये। इनमें से तीन बल्लेबाजों को शकील अहमद ने आउट किया। ऐसे संकट के समय लोर्कान टकर और गैरेथ डेलेनी ने पारी को संभाला और विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए तेजी के साथ रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 101 रनों की साझेदारी हुई। 17वें ओवर में शाह फैसल ने गैरेथ डेलेनी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। गैरेथ डेलेनी ने 30 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 56 रन बनाये।

आयरलैंड ने ओमान के खिलाफ निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 235 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लोर्कान टकर ने 51 गेंदों में 10 चौके और चार छक्के लगाते हुए नाबाद 94 रनों की पारी खेली। जॉर्ज डॉकरेल ने नौ गेंदों में पांच छक्के उड़ाते हुए नाबाद 35 रन बनाये। इस टी-20 विश्वकप का सबसे बड़ा स्कोर श्रीलंका ने छह विकेट पर 260 रन बनाया है।

ओमान के लिए शकील अहमद ने तीन विकेट लिये। शाह फैसल और आमिर कलीम ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

नेपाल के खिलाफ वेस्ट इंडीज की नजरें लगातार जीत पर

Sat Feb 14 , 2026
मुंबई, 14 फरवरी (वार्ता) रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में जब अपराजित वेस्टइंडीज का सामना पुरुष टी 20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप सी के हाई-स्टेक मुकाबले में नेपाल से होगा, तो रोमांच देखने को मिलेगा। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे शुरू होगा। कैरेबियाई टीम जबरदस्त फॉर्म में है, उसने […]

You May Like