चेन्नई, 08 सितंबर (वार्ता) अजीतेश संधू और स्टेपान डैनेक ने सात-अंडर 65 का समान स्कोर बनाकर टीएनजीएफ कॉस्मो गोल्फ कोर्स में खेले जा रहे एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले चेन्नई ओपन 2026 के पहले राउंड के बाद एक शॉट की संयुक्त बढ़त हासिल की।
चंडीगढ़ के 37 वर्षीय पूर्व एशियन टूर विजेता संधू ने आठ बर्डी बनाईं और पार-4 12वें होल पर दिन की एकमात्र बोगी की। चेक गणराज्य के 29 वर्षीय डैनेक ने सात बर्डी की मदद से बोगी-मुक्त 65 का स्कोर बनाकर संधू के साथ शीर्ष स्थान साझा किया। वह डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर अपना तीसरा सत्र खेल रहे हैं।
चंडीगढ़ के जयराज सिंह संधू ने बोगी-मुक्त छह-अंडर 66 का स्कोर बनाकर दिल्ली के राशिद खान और पवन वर्मा के साथ संयुक्त तीसरा स्थान साझा किया। 35 वर्षीय राशिद ने दो सप्ताह पहले विकाराबाद में तेलंगाना ओपन का खिताब जीता था।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर पांच बार के विजेता अजीतेश ने राउंड की शुरुआत और अंतिम हिस्से में मिले स्कोरिंग अवसरों का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने 16वें और 18वें होल पर ग्रीनसाइड बंकर में पहुंचने के बावजूद बर्डी बनाकर राउंड का शानदार समापन किया।
रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में शीर्ष पर चल रहे सप्तक तलवार ने पांच-अंडर 67 का स्कोर बनाकर संयुक्त छठा स्थान हासिल किया। गत चैंपियन श्रीलंका के एन. थंगाराजा ने तीन-अंडर 69 के साथ अपने खिताब की रक्षा की शुरुआत की और संयुक्त 16वें स्थान पर रहे।
