‘द बॉम्बे ब्लड’ की बर्लिन में भारतीय दूतावास में होगी स्क्रीनिंग

मुंबई, 08 सितंबर (वार्ता) नील कोठारी, गौरव ऋषिकेश ठाकुर और डेनियल ई. पजाक निर्मित इंडो-जर्मन फीचर फिल्म ‘द बॉम्बे ब्लड’ की 11 सितंबर को बर्लिन स्थित भारतीय दूतावास में विशेष स्क्रीनिंग होगी।गौरव ऋषिकेश ठाकुर द्वारा लिखित, निर्देशित और संपादित यह फिल्म भारत और जर्मनी के कलाकारों एवं फिल्मकारों के सहयोग से तैयार की गई है। फिल्म भारतीय सांस्कृतिक पहचान को यूरोपीय पृष्ठभूमि में एक रोमांचक वैश्विक सर्वाइवल कहानी के साथ प्रस्तुत करती है। फिल्म में डर्क बोहलिंग, फिलिप ओलिवर बॉमगार्टन, कैटरीन इंगेंडोह, सबाइन अर्बन, गौरव ठाकुर, कश्यप पारुलेकर, मिथुन रामधरने और काजल रतूड़ी सहित भारतीय और जर्मन कलाकारों ने अभिनय किया है।

निर्माता नील कोठारी ने कहा कि ‘द बॉम्बे ब्लड’ बतौर निर्माता उनकी पहली अंतरराष्ट्रीय फिल्म है। उन्होंने कहा कि गौरव ठाकुर के साथ उनका उद्देश्य भारत और जर्मनी के बीच सिनेमा के माध्यम से एक सार्थक रचनात्मक एवं सांस्कृतिक सेतु तैयार करना और भारतीय कहानियों को वैश्विक मंच तक पहुंचाना है। स्क्रीनिंग के क्यूरेटर रोहित प्रभु ने बताया कि बर्लिन में फिल्म की स्क्रीनिंग को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के टिकटों की घोषणा के कुछ ही दिनों में बिक्री पूरी हो गई, जिससे जर्मनी में स्थानीय प्रवासी समुदाय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों की रुचि का पता चलता है।
जर्मनी में प्रीमियर के बाद फिल्म अब भारत में अपने अगले चरण में प्रवेश कर रही है। निर्देशक गौरव ठाकुर और जर्मनी के प्रमुख कलाकार महाराष्ट्र सहित कुछ शहरों में प्रचार गतिविधियों और सार्वजनिक स्क्रीनिंग में हिस्सा लेंगे। ‘द बॉम्बे ब्लड’ एरा ऑफ लाइट फिल्म्स, रंगनील क्रिएशंस, कम्यूटाडोर जंकीज़ प्रोडक्शंस और पजाक पिक्चर्स फिल्मप्रोडक्शन के बैनर तले बनी है।

.....

Next Post

70 शिकायतें पहुंची, पुलिस अधीक्षक ने सुनी फरियाद

Tue Sep 8 , 2026
जबलपुर। आम जनता की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए लिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा जन सुनवाई की गयी। जन सुनवाई मे शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के शिकायतकर्ता पुलिस कार्यालय में आये थे, अधिकांश शिकायतें पति-पत्नि,परिवारिक एवं जमीन सम्बंधी विवाद, मारपीट, सायबर अपराध से […]

You May Like