चंडीगढ़, 24 अक्टूबर (वार्ता) जापान में 18 से 24 अक्टूबर तक आयोजित एशियन पैरा गेम्स में भारतीय दल ने प्रतियोगिता में कुल 114 पदक हासिल किए, जिनमें से हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 31 पदक जीते।
पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की अध्यक्ष आरती सिंह राव ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताया। सुश्री राव ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण और परिवारों के सहयोग से हरियाणा के पैरा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पैरा खेलों को मिल रहे प्रोत्साहन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
रोहतक के हनी ने जैवलिन थ्रो की एफ-37 श्रेणी में 60.49 मीटर भाला फेंककर विश्व रिकॉर्ड बनाया। वहीं, हिसार के संदीप कुमार ने टी-44 श्रेणी की 400 मीटर दौड़ 52.28 सेकंड में पूरी कर स्वर्ण पदक जीतने के साथ विश्व रिकॉर्ड भी तोड़ा।
हरियाणा के स्वर्ण पदक विजेताओं में सुमित अंतिल, हनी, प्रणव सूरमा, हरविंदर सिंह, संदीप कुमार, नितेश कुमार, धर्मवीर, सुमित और रिंकू शामिल हैं। भावना, पूजा, प्रमोद, नितेश कुमार, कोकिला, मनीष नरवाल, अशोक मलिक, मंजीत और कपिल कुमार ने रजत पदक जीते। नवदीप, हिमांशु, धर्मवीर, अजय कुमार, प्रदीप, सुखचैन, करमजोत, हनी, रोहित, संदीप, प्रवीण और राहुल ने कांस्य पदक हासिल किए।
भारत 30 स्वर्ण सहित कुल 114 पदकों के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। वर्ष 2022 में भारत ने 111 पदक जीते थे। इस बार का प्रदर्शन एशियन पैरा गेम्स में देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बताया गया है। सुश्री राव ने विश्वास जताया कि हरियाणा के खिलाड़ी भविष्य में भी देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

