
इंदौर। शहर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर वसूली की धमकियों का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है. ताजा मामले में एक बिल्डर से 5 करोड़ रुपए की मांग किए जाने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और प्रारंभिक पड़ताल के बाद केस को एसटीएफ को सौंपने की तैयारी है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार हाल ही में बिल्डर विवेक दम्मानी को कॉल के जरिए 5 करोड़ रुपए की धमकी मिली है. फिलहाल क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है. इससे पहले तुकोगंज क्षेत्र में बिल्डर संजय जैन को भी इसी तरह धमकी दी गई थी, जिस पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. अधिकारियों का कहना है कि इंदौर में अब तक ऐसे पांच मामले सामने आ चुके हैं, जबकि पूरे प्रदेश में इनकी संख्या 8 से ज्यादा हो गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ स्तर पर एसआईटी गठित कर दी गई है, जो अलग अलग जिलों में फैले नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. इसी कड़ी में अशोकनगर से पकड़े गए आरोपी मनीष जांगिड़ को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह संगठित तरीके से कारोबारियों को निशाना बना रहा है और अलग अलग जिलों में सक्रिय है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इंदौर, भोपाल, खरगोन, अशोकनगर और महू समेत कई जिलों में इस तरह की धमकियों की जानकारी सामने आई है. एजेंसियां कॉल डिटेल, लोकेशन और नेटवर्क के लिंक खंगाल रही हैं, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके.
प्रदेश में कहां कहां फैला धमकी का नेटवर्क
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर वसूली की धमकियों के 8 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं. इनमें से प्रमुख केस इस प्रकार हैं, इंदौर में बिल्डर संजय जैन (तुकोगंज), बिल्डर विवेक दम्मानी को 5 करोड़ की धमकी, वहीं भोपाल में कारोबारी को कॉल कर वसूली की कोशिश, खरगोन में स्थानीय व्यवसायी को धमकी, अशोकनगर में आरोपी मनीष जांगिड़ की गिरफ्तारी, नेटवर्क के सुराग, जबकि महू में भी एक व्यापारी को धमकी मिलने की सूचना हैं. सूत्रों का कहना है कि अन्य मामलों में भी जांच जारी है, जिनकी जानकारी सुरक्षा कारणों से सार्वजनिक नहीं की गई है.
