गुना:अल्फा इंग्लिश स्कूल के प्राचार्य जॉय वर्जिश पर छात्र से मारपीट के मामले में आखिरकार पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। गौरतलब है कि इस घटना को लेकर पूर्व में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया था और स्कूल प्रबंधन को घेरते हुए प्राचार्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। उसी घटनाक्रम के बाद अब फरियादी छात्र सूर्या रघुवंशी पुत्र भैरोंसिंह रघुवंशी निवासी तुलसी कॉलोनी ने अपने पिता के साथ कैंट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपी पर धारा 304, 62 बीएनएस के तहत ममाला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरियादी छात्र सूर्या ने पुलिस को बताया कि वह अल्फा इंग्लिश स्कूल, दलबी कॉलोनी में कक्षा 9वीं का विद्यार्थी है। 25 अगस्त को दोपहर लगभग 1 बजे वह स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। तभी उसके सहपाठी अंशु रघुवंशी ने उसे सूचना दी कि प्राचार्य जॉय वर्जिश ने उसे स्कूल के मेन गेट के बाहर बुलाया है। छात्र गेट के बाहर पहुंचा तो वहां प्राचार्य मिले और उन्होंने सूर्या को अपने घर चलने के लिए कहा। छात्र के मुताबिक वह प्राचार्य के साथ उनके घर गया, जहां उसे अंदर बंद कर लिया गया।
इसके बाद प्राचार्य ने उससे कहा कि तू मेरा मजाक क्यों उड़ाता है। छात्र ने साफ इंकार किया तो प्राचार्य भडक़ गए और थप्पड़ों से उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के कारण उसके गाल और पीठ पर चोटें आईं। छात्र के अनुसार जब उसने जोर से चिल्लाया तो प्राचार्य ने घर का दरवाजा खोल दिया। तभी मौके पर आरूष ओझा और आयुष यादव नामक छात्र वहां पहुंचे और उन्होंने घटना को अपनी आंखों से देखा। घबराए सूर्या ने सीधे घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
डर के कारण उसने तत्काल रिपोर्ट नहीं की। बाद में जब परिजनों ने हिम्मत दी तो वह पिता के साथ कैंट थाने पहुंचा और आरोपी प्राचार्य के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। गौरतलब है कि इस मामले को लेकर पहले भी स्कूल में विवाद और विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। अभाविप कार्यकर्ताओं और पालकों ने स्कूल में हंगामा करते हुए प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। अब पीड़ित छात्र की औपचारिक रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है
