हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों से मिलीं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हरलीन देओल

उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की पहल और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (सीएससीएस) के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में हरलीन देओल ने युवा खिलाड़ियों के साथ संवाद किया तथा अपने खेल जीवन के अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने के लिए प्रतिभा के साथ निरंतर अभ्यास, धैर्य और मानसिक मजबूती आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों को अकादमी में उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का पूरा लाभ उठाने की सलाह दी।

हरलीन देओल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “आप मेहनत कीजिए, अपने लक्ष्य के लिए पूरी लगन से प्रयास कीजिए। भगवान भी आपकी मदद करेंगे। अपने ऊपर विश्वास रखिए और देश के लिए खेलने का सपना जरूर देखिए।”

उन्होंने कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी कमियों की पहचान कर उनमें सुधार करने का प्रयास करना चाहिए। खेल में सफलता के लिए नियमित अभ्यास, सकारात्मक सोच और दबाव की परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता विकसित करना जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान हरलीन ने खिलाड़ियों को असफलताओं से सीखने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शारीरिक दक्षता के साथ मानसिक दृढ़ता और टीम भावना का होना आवश्यक है।

उल्लेखनीय है कि रायपुर की आवासीय हॉकी अकादमी में प्रदेश के दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इन खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी क्रिकेटर से सीधे संवाद करने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिला।

इस दौरान हरलीन देओल ने खिलाड़ियों के साथ समय बिताया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी से मुलाकात को लेकर अकादमी के खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में खेल अधिकारी शिवराज साहू, हॉकी प्रशिक्षक रश्मि तिर्की, सॉफ्टबॉल प्रशिक्षक टी.एन. रेड्डी सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अन्य अधिकारी और प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से संवाद का अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है।

 

Next Post

झेंग किनवेन ने चाइना ओपन में अपना पहला डब्ल्यूटीए 1000 खिताब जीता

Sun Oct 11 , 2026
बीजिंग, 11 अक्टूबर (वार्ता) चीन की झेंग किनवेन ने रविवार को फाइनल में नंबर 4 सीड रूस की मिरा एंड्रीवा को 7-5, 6-4 से हराकर 2026 चाइना ओपन में महिला सिंगल्स का खिताब जीता। अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलते हुए, पेरिस ओलंपिक चैंपियन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना […]

You May Like