चंडीगढ़, 11 अक्टूबर (वार्ता) हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय पहलवान अमन सहरावत ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर पहचान बनाने वाले अमन सहरावत की सफलता से क्षेत्र के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। कृष्ण लाल पंवार रविवार को झज्जर जिले के गांव बिरोहड़ में अंतरराष्ट्रीय पहलवान अमन सहरावत के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने अमन सहरावत को गदा भेंट कर सम्मानित किया और उनकी खेल उपलब्धियों की सराहना की। समारोह में बाढ़ड़ा के विधायक उमेद सिंह पातुवास और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा वीरों और खिलाड़ियों की धरती है। प्रदेश के जवान जहां देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, वहीं खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों में हरियाणा के 41 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। अमन सहरावत की सफलता साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धियों से गांव बिरोहड़, झज्जर जिले और पूरे हरियाणा का गौरव बढ़ा है।
