इंदौर. शहर में नशे की तस्करी के खिलाफ क्राइम ब्रांच की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी कड़ी में पुलिस ने पोलो ग्राउंड स्थित रेलवे माल गोदाम के पास से एक युवक को एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 13.08 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपए बताई गई है.
क्राइम ब्रांच की टीम 13 नवंबर को शहर में गश्त और चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान रेलवे माल गोदाम के पास रेल पटरी के नजदीक पोलो ग्राउंड पर एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता दिखाई दिया. पुलिस टीम को देखकर वह घबराने लगा.
संदेह होने पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम तोफीक खान उम्र 21 साल, निवासी सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र बताया. इसके बाद राहगीर पंचों के सामने उसकी तलाशी ली गई. तलाशी में उसकी पैंट की बायीं जेब से 13.08 ग्राम एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) बरामद हुई. पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है. आरोपी तोफीक खान कक्षा तीसरी तक पढ़ा है और पिकअप वाहन चलाने का काम करता है. क्राइम ब्रांच अब उससे मादक पदार्थ के स्रोत, उसे उपलब्ध कराने वाले सप्लायर और नशे के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पकड़ाए गए आरोपी से मादक पदार्थ के सप्लायर और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
