इंदौर: शहर में सोशल मीडिया पर फेक और भ्रामक कंटेंट में हो रही बेतहासा वृद्धि पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने एक्शन प्लॉन तैयार कर लिया है. शहर के 120 से ज्यादा इन्फ्लुएंसर्स को साफ चेतावनी दी गई है कि अब हर पोस्ट पर जहां पुलिस की नजर रहेगी, वहीं गलत या भड़काऊ कंटेंट वायरल करने पर सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट कहा है कि कुछ भी वायरल करने से पहले सोचें, वरना कार्रवाई तय है.बुधवार को पलासिया स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित इस विशेष संवाद सत्र में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने 120 से ज्यादा इन्फ्लुएंसर्स को सोशल मीडिया के बढ़ते असर और उससे जुड़े खतरे समझाए.
इस दौरान उन्हें साफ-साफ कहा गया कि किसी भी वीडियो, पोस्ट या खबर को वायरल करने से पहले उसकी सच्चाई और उसके सामाजिक असर की जांच जरूरी है, वरना आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई तय है.सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ कंटेंट को लेकर अब पुलिस सख्त मूड में नजर आ रही है. बुधवार को पुलिस कमिश्नरेट ने 120 से ज्यादा इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को बुलाकर साफ संदेश दिया कि गलत जानकारी फैलाने पर सीधे कानूनी कार्रवाई होगी. बैठक में यह भी सामने आया कि सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलने से कई बार कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ जाती है. इसी को देखते हुए पुलिस अब सीधे कंटेंट क्रिएटर्स के जरिए निगरानी और जागरूकता दोनों पर काम कर रही है.
जागरूकता फैलाने में पुलिस का सहयोग करें इन्फ्लुएंसर्स
इन्फ्लुएंसर्स को सोशल मीडिया वॉलिंटियर बनकर पुलिस के साथ काम करने की अपील भी की गई. अधिकारियों ने साफ किया कि फर्जी, आपत्तिजनक या भड़काऊ कंटेंट पोस्ट करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. वहीं इन्फ्लुएंसर्स से साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों को लेकर जागरूकता फैलाने में सहयोग मांगा. वहीं यह भी कहा कि पुलिस अब सोशल मीडिया पर एक्टिव निगरानी बढ़ाने की तैयारी में है और जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी.
पुलिस कमिश्नर ने दी यह सलाह...
बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कोई भी पोस्ट या वीडियो वायरल करने से पहले उसकी सत्यता को जांचें, भ्रामक या भड़काऊ कंटेंट शेयर करने से हमेशा बचें, आईटी एक्ट के नियमों का पालन करें, अफवाह फैलाने वाले कंटेंट से दूरी रखें, साइबर, ट्रैफिक व महिला सुरक्षा से जुड़े संदेश फैलाएं, सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें.
