‘उफ्फ… ये लव है मुश्किल में अपने किरदार के लिये शब्बीर अहलूवालिया ने की कड़ी मेहनत

मुंबई, (वार्ता) जानेमाने अभिनेता शब्बीर अहलूवालिया ने सोनी सब के शो ‘उफ्फ… ये लव है मुश्किल में युग सिन्हा का किरदार निभाने के लिये कड़ी मेहनत की है।

सोनी सब नई रोमांटिक-कॉमेडी पारिवारिक ड्रामा ‘उफ़्फ़… ये लव है मुश्किल’ के साथ दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार है। इस शो में शब्बीर आहलूवालिया पारंपरिक ‘आदर्श’ भूमिकाओं से हटकर प्रतिष्ठित वकील युग सिन्हा के किरदार में नज़र आएंगे।

शब्बीर आहलूवालिया ने युग सिन्हा की भूमिका को निभाने के लिए खुद को पूरी तरह से बदल लिया है।शब्बीर ने खुद को बदलने के लिए काफी कड़ी मेहनत की है।शब्बीर अहलूवालिया ने युग सिन्हा ने भूमिका को बेहतर बनाने के लिए खुद में अभूतपूर्व शारीरिक बदलाव किया है। बताया जाता है कि उन्होंने तीन महीनों में 14 किलो वजन घटाया है, वह भी किसी क्रैश डाइट या अत्यधिक व्यायाम से नहीं, बल्कि संतुलित और आनंददायक दिनचर्या के साथ, जिसमें निरंतरता बनी रही।

शब्बीर ने कहा कि यह ट्रांसफॉर्मेशन सिर्फ लुक्स के लिए नहीं था, बल्कि उस किरदार की मानसिकता और उपस्थिति को हर फ्रेम में ज़िंदा करने के लिए था। मुझे उस सफर का आनंद लेना था। आने वाले शो और फिल्मों में मैं दर्शकों को कुछ नया देने की कोशिश करूंगा।उम्मीद है कि मुझे अलग-अलग तरह के किरदार निभाने का अवसर मिलेगा ।

शब्बीर अहलूवालिया ने जानीमानी फिल्मकार एकता कपूर के कई शो, क्योंकि सास भी कभी बहू थी, कहीं तो मिलेंगे, कहीं तो होगा, कहानी घर घर की, कसौटी जिंदगी की, कुमकुम भाग्य और फिल्म शूट आउट एट लोखंडवाला में काम किया है, जिसने उनके करियर को आकार देने में मदद की। शब्बीर अहलूवालिया ने एकता कपूर के साथ काम करने के अनुभव के बारे में पूछे जाने पर कहा कि मैंने जितने भी निर्माताओं के साथ काम किया है, उनमें एकता कपूर सर्वश्रेष्ठ है। वह बेहद प्रतिभाशाली हैं। एकता कपूर जितनी छूट अपने कलाकारों को काम करने में देती है वह सराहनीय है। मेरे लिये एकता कपूर के साथ काम करना बेहद शानदार अनुभव रहा है।

शब्बीर अहलूवालिया ने टीवी के साथ ही फिल्मों में भी अपने अभिनय का जौहर दिखाया है। टीवी और फिल्मों में काम करने में क्या अंतर है, इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, मुझे वह मीडियम पसंद है, जिसकी कहानी अच्छी हो, जहां मेरा रोल अच्छा हो। मेरे लिये मीडियम मायने नहीं रखता। यह महत्वपूर्ण है कि आप उस शो या फिल्म में क्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब आप किसी किरदार की तैयारी शुरू करते हैं तो मेहनत उतनी ही लगती है, सोच उतनी ही लगती है। ऐसा नहीं है कि टीवी पर काम कर रहे हों तो उसमें मेहनत कम लगे। सभी मीडियम में काम करने मे मेहनत लगती है।मुझे मजा हर मीडियम में काम करने में लगता है बशर्ते रोल अच्छा हो। मुझे हर तरह का किरदार निभाने में अच्छा लगता है। चाहे वह पॉजिटिव हो या फिर नेगेटिव हो।मुझे किरदार चुनौतीपूर्ण निभाने में अच्छा लगता है।आम किरदार मुझे पसंद नहीं।

शब्बीर अहलूवालिया ने ‘उफ़्फ़… ये लव है मुश्किल’ में आशी सिंह के साथ काम किया है। उन्होंने कहा कि आशी बेहद प्रतिभाशाली अभिनेत्री है और उन्होंने शो में बेहतरीन काम किया है। मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को हमारी केमेस्ट्री पसंद आने वाली है।

सोनी सब पर शो उफ़्फ़… ये लव है मुश्किल 09 जून से हर सोमवार से शनिवार रात 8:00 बजे प्रसारित होगा।

Next Post

अरुणाचल प्रदेश में पहली बार हुई इलेक्ट्रिक बसें शुरू

Fri Jun 6 , 2025
ईटानगर (वार्ता) सतत विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए अरुणाचल प्रदेश ने इलेक्ट्रिक बसों का अपना पहला बेड़ा शुरू किया है, जिसका संचालन राज्य की राजधानी से शुरू होगा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उपमुख्यमंत्री चौना मीन द्वारा हरी झंडी दिखाकर शुरू की गई यह पहल […]

You May Like