
नई दिल्ली, 26 नवंबर, 2025: भारत द्वारा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के ठीक बाद, पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) के पास स्थित उरी पनबिजली संयंत्र को निशाना बनाया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने असाधारण शौर्य का प्रदर्शन करते हुए इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संपत्ति की रक्षा की और दुश्मन के हमले को विफल कर दिया। CISF के अनुसार, प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने वाले दुश्मनों के ड्रोन को बेअसर कर दिया गया।
250 नागरिकों को बचाया गया सुरक्षित
भीषण गोलाबारी के बीच, CISF कर्मियों ने असाधारण साहस दिखाते हुए नागरिकों को बचाया। अधिकारी ने बताया कि जवानों ने निवासियों के घरों के पास जाने वाले गोलों के बावजूद, नागरिकों को घर-घर जाकर निकाला और उन्हें सुरक्षित बंकरों में पहुंचाया। इस दौरान लगभग 250 नागरिकों को बिना किसी जान-माल के नुकसान के सुरक्षित निकाला गया।
19 जवानों को मिला बल का सर्वोच्च सम्मान
उरी हाइड्रो-पावर प्रोजेक्ट की रक्षा और नागरिकों की जान बचाने में दिखाई गई इस असाधारण बहादुरी और पेशेवर प्रदर्शन के लिए, CISF ने उन 19 कर्मियों को सम्मानित किया। मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में CISF के महानिदेशक ने इन 19 कर्मियों को बल के सर्वोच्च सम्मानों में से एक, प्रतिष्ठित महानिदेशक डिस्क (DG Disc) से सम्मानित किया।
