जबलपुर: गोहलपुर थाना अंतर्गत गाजीनगर में एक ई-रिक्शा चालक द्वारा शराब के लिए पैसे देने से मना करने पर दो बदमाशों ने पति-पत्नी पर चाकू और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी हैपुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गाजीनगर निवासी बसीर अहमद (40) ई-रिक्शा चालक है, जिसका पूर्व पड़ोसी राशिद मंसूरी से पुराना विवाद चल रहा था। राशिद वर्तमान में सरकारी आवास में रहता है। सुबह राशिद मंसूरी अपने साले भोंदु अंसारी के साथ बसीर के घर पहुँचा और शराब पीने के लिए 1000 रुपये की मांग करने लगा।
जब बसीर ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी विवाद करने पर उतारू हो गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि राशिद ने बसीर पर चाकू से हमला कर दिया। बसीर ने खुद को बचाने के लिए चाकू हाथ से पकड़ा, जिससे उसकी हथेली में गहरी चोट आई। इसी दौरान भोंदु अंसारी ने लोहे की रॉड से बसीर की पीठ और जांघ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पति को पिटता देख जब उसकी पत्नी निलोफर बीच-बचाव करने आई, तो आरोपियों ने उस पर भी रहम नहीं खाया। राशिद ने भोंदु के हाथ से रॉड छीनी और निलोफर के बाएं पैर पर दे मारी, जिससे वह घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
