सिंधु और लक्ष्य सेन जर्मनी में खिताब जीतने से बस एक जीत दूर

बर्लिन, 01 नवंबर (वार्ता) दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन रविवार को जर्मनी में होने वाले ‘हाइलो ओपन 2026’ बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला और पुरुष एकल फाइनल में खेलते नजर आएंगे।

महिला एकल फाइनल में सिंधु का मुकाबला डेनमार्क की लाइन क्यर्सफेल्ड से होगा, जबकि पुरुष एकल फाइनल में लक्ष्य सेन का सामना इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी से होगा।

पिछले हफ्ते फ्रेंच ओपन के फाइनल में हारने के बाद, 31 वर्षीय भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सिंधु अब अपने सातवें बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब और इस सीजन के अपने दूसरे खिताब पर नजर गड़ाए हुए हैं।

सिंधु ने जुलाई में जापान ओपन 2026 के फाइनल में तीन बार की विश्व चैंपियन जापान की अकाने यामागुची को हराकर खिताब जीता था। यह दिसंबर 2024 के बाद उनका पहला बीडब्ल्यूएफ खिताब था। साथ ही, यह उनके करियर का पहला ‘सुपर 750’ खिताब भी था।

अगर वह हाइलो ओपन का फाइनल जीत जाती हैं, तो 2022 के बाद पहली बार ऐसा होगा जब पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु एक ही सीजन में दो खिताब अपने नाम करेंगी।

दुनिया की 8वें नंबर की खिलाड़ी सिंधु ने एक ऑल-इंडियन सेमीफाइनल मुकाबले में अपनी ही देश की अनमोल खर्ब को 21-13, 21-16 से हराकर हाइलो ओपन के फाइनल में जगह बनाई।

जर्मनी में चल रहे बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 टूर्नामेंट में सिंधु शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने अब तक एक भी गेम नहीं गंवाया है। वहीं, लाइन क्यर्सफेल्ड सेमीफाइनल में थाईलैंड की टॉप सीड पोर्नपावी चोचुवोंग को एक कड़े और लंबे मुकाबले में हराकर फाइनल में पहुंची हैं। डेनमार्क की इस खिलाड़ी ने 8-21, 21-19, 28-26 से जीत दर्ज की।

दूसरी ओर, लक्ष्य सेन ने फ्रांस के छठे वरीय खिलाड़ी टोमा जूनियर पोपोव को 21-17, 21-13 से आसानी से हराकर पुरुष एकल के फाइनल में प्रवेश किया। इंडोनेशिया के क्रिस्टी, जो चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं, ने सेमीफाइनल में डेनमार्क के शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी एंडर्स एंटोनसेन को हराया।

यह इस साल लक्ष्य का दूसरा फाइनल होगा; इससे पहले वे ‘ऑल इंग्लैंड ओपन’ में उपविजेता रहे थे।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में सिंधु, लाइन क्यर्सफेल्ड के खिलाफ 6-1 से आगे हैं। डेनमार्क की इस खिलाड़ी को सिंधु के खिलाफ अपनी एकमात्र जीत पिछले साल सुदीरमन कप में मिली थी। इस साल की शुरुआत में, सिंधु ने ‘इंडोनेशिया मास्टर्स’ में क्यर्सफेल्ड को हराया था।

वहीं, हेड-टू-हेड मुकाबलों में लक्ष्य सेन, क्रिस्टी के खिलाफ 3-4 से पीछे हैं।

महिलाओं के एकल वर्ग में पीवी सिंधु और लाइन क्यर्सफेल्ड का मुकाबला होगा। पुरुषों के एकल का फाइनल लक्ष्य सेन और जोनाथन क्रिस्टी के बीच खेला जायेगा।

 

 

Next Post

लावरोव ने जी20 बैठक में 'झूठ और मनगढ़ंत कहानियां' फैलाईं : ईयू

Sun Nov 1 , 2026
अटलांटा, 01 नवंबर (वार्ता) यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कलास ने जॉर्जिया के अटलांटा में आयोजित जी20 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव पर ‘ढेर सारे झूठ’ और ‘मनगढ़ंत कहानियां’ पेश करने का गंभीर आरोप लगाया है। दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के विदेश […]

You May Like