मुंबई, 01 नवंबर (वार्ता) फिल्म निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने अपनी पहली ही फिल्म ‘हनुमान अंश’ के जरिए भारतीय बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड कायम किया है।विशाल चतुर्वेदी भारत के ऐसे पहले डेब्यू निर्देशक बन गए हैं, जिनकी पहली निर्देशित फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये नेट से अधिक की कमाई की है। 22 अक्टूबर 2026 तक फिल्म भारत में 341 करोड़ रुपये नेट का कारोबार कर चुकी थी।
फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत की थी, लेकिन दर्शकों से मिले सकारात्मक प्रतिसाद के बाद इसकी कमाई में लगातार इजाफा हुआ। बाबा नीब करौरी के जीवन से प्रेरित इस आध्यात्मिक ड्रामा फिल्म को दर्शकों के बीच अच्छी लोकप्रियता मिली है। फिल्म की सफलता में विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन और कहानी कहने के अंदाज की अहम भूमिका मानी जा रही है।
फिल्म ने सिनेमाघरों में प्रदर्शन के 75 दिन पूरे कर लिए हैं और दुनियाभर में प्रदर्शित हो रही है। पहली ही फिल्म से 300 करोड़ रुपये के क्लब में प्रवेश कर विशाल चतुर्वेदी ने बतौर निर्देशक अपनी पहचान स्थापित की है। ‘हनुमान अंश’ की सफलता को नए निर्देशक के लिए भारतीय बॉक्स ऑफिस की एक उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

