ब्रह्मांड में महाविस्फोट: नासा के हबल टेलीस्कोप ने कैद की दो विशाल ग्रहों की विनाशकारी टक्कर, मलबे के बादलों से सुलझेगा सौर मंडल की उत्पत्ति का रहस्य

नई दिल्ली। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) के हबल स्पेस टेलीस्कोप ने ब्रह्मांड में एक ऐसी विनाशकारी टक्कर को कैद किया है, जिसे विज्ञान की दुनिया में पहले कभी नहीं देखा गया। धरती से लगभग 25 प्रकाश वर्ष दूर स्थित ‘फोमलहाट’ (Fomalhaut) तारे के पास दो विशाल खगोलीय पिंडों के बीच जबरदस्त टक्कर हुई है। इस टक्कर के बाद अंतरिक्ष में मलबे के विशाल बादल और रोशनी की किरणें देखी गई हैं। यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया के मुख्य शोधकर्ता पॉल कलास के अनुसार, यह पहली बार है जब हमारे सौर मंडल के बाहर किसी अन्य प्लैनेट सिस्टम में इतनी बड़ी टक्कर के प्रत्यक्ष प्रमाण मिले हैं। यह दृश्य हमें हमारे सौर मंडल के शुरुआती दिनों की याद दिलाता है।

खगोलविदों के लिए यह घटना बेहद चौंकाने वाली है क्योंकि प्रचलित वैज्ञानिक सिद्धांतों के अनुसार, ग्रहों या क्षुद्रग्रहों के बीच ऐसी भीषण टक्कर लाखों वर्षों में एक बार होती है। हालांकि, फोमलहाट तारे के चारों ओर पिछले 20 वर्षों में यह दूसरा बड़ा धमाका देखा गया है। वर्ष 2008 में भी इसी क्षेत्र में ‘फोमलहाट बी’ नामक एक संभावित ग्रह और धूल के बादलों की खोज की गई थी। हालिया तस्वीरों में उसी स्थान पर प्रकाश का एक नया बिंदु दिखाई दिया है, जो यह संकेत देता है कि वहां ग्रहों के बनने की प्रक्रिया के दौरान भारी उथल-पुथल मची हुई है और छोटे ग्रह आपस में टकराकर टूट रहे हैं।

वैज्ञानिकों का मानना है कि इस टक्कर का अध्ययन करने से हमें यह समझने में मदद मिलेगी कि अरबों साल पहले हमारी धरती, चंद्रमा और सौर मंडल के अन्य ग्रह कैसे अस्तित्व में आए। हमारे सौर मंडल के शुरुआती दौर में भी इसी तरह एस्टेरॉयड और धूमकेतु आपस में टकराते थे, जिससे चारों तरफ आग और मलबे का साम्राज्य था। फोमलहाट, जो सूर्य से कहीं अधिक बड़ा और चमकीला तारा है, वर्तमान में धूल भरे मलबे की कई परतों से घिरा हुआ है। शोधकर्ता अब इन मलबे के बादलों की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं ताकि ब्रह्मांड के इस नए रहस्य और ग्रहों के क्रमिक विकास की कड़ियों को जोड़ा जा सके।

Next Post

जुआ की फड़ पर पण्डोखर पुलिस की दबिश

Sat Dec 20 , 2025
दतिया: हार जीत का दांव लगाते 4 जुआरियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर से बडेरा सोपान पर पण्डोखर पुलिस की छापामार कार्रवाई में इन जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। जुआरियों के कब्जे से पुलिस ने 19 हजार 3 सौ रूपए एक ताश की गड्डी जब्त […]

You May Like