ह्यूमिडफायर बॉटल फटने से अस्पताल में मची भगदड़

सतना : जिले के कोठी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को मौजूद लोगों के बीच अचानक उस वक्त भगदड़ मच गई जब उन्हें छोटे से धमाके की आवाज सुनाई दी. इतना ही नहीं बल्कि देखते ही देखते आक्सीजन सिलेंडर के फट जाने की अफवाह भी तेजी से फैलने लगी. यह तो गनीमत रही कि उक्त घटना के चलते कोई हाताहत नहीं हुआ. दरअसल आक्सीजन सिलेंडर के ऊपर लगी ह्यूमिडफायर बॉटल के फटने की आवाज सुनकर लोगों के बीच यह गलतफहमी फैल गई.

सामुदायिसक स्वास्थ्य केंद्र कोठी में एक ओर जहां ग्राउंड फ्लोर पर काफी संख्या में ओपीडी के मरीज पहुंचे हुए थे. वहीं दूसरी ओर प्रथम तल पर स्थित वार्ड में कई मरीज भर्ती भी थे. सब कुछ सामान्य ही था कि अचानक ही स्वास्थ्य केंद्र के प्रथम तल से छोटे से धमाके की आवाज सुनाई दी. धमाके की आवाज सुनते ही प्रथम तल से लेकर भूतल हर जगह मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. अधिकांश लोग बिना कुछ सोचे समझे नीचे की ओर भागने लगे. आलम यह रहा कि लोगों को भागते हुए अस्पताल से बाहर निकलता देख बाहर मौजूद लोग भी दूर भागने लगे.

इसी कड़ी में लोग बदहवासी की हालीत में यह कहते भी देखे गए कि अस्पताल के अंदर आक्सीजन सिलेडर में ब्लास्ट हो गया है. जिसके चलते काफी देर तक सनसनी की स्थिति बनी रही, और लोग अपने अपने परिजनों की खोज खबर लेने लगे. लेकिन कुछ समय बाद जब अस्पताल के अंदर से किसी तरह की अनहोनी की सूचना सामने नहीं आई तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली. इस घटना के संबंध में ब्लाक मेडिकल ऑफिसर डॉ. अल्का मोहिले ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी मरीज और स्टॉफ सुरक्षित रहे.
 स्टोर कीपर के हाथ में आई चोट
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोठी में बतौर स्टोर कीपर पदस्थ संतोष यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम तल पर मौजूद एक आक्सीजन सिलेंडर जो लगभग खाली हो चुका था, वे उसका लीकेज देखने का प्रयास कर रहे थे. लेकिन आक्सीजन रिलीज होने का दबाव अचानक इतना बढ़ गया कि उसके चलते सिलेंडर के ऊपर लगी ह्यूमिडफायर बॉटल टूट गई. बॉटल के फूटे कांच का एक हिस्सा लगने के कारण उनका हाथ भी चोटिल हो गया. गौरतलब है कि आक्सीजन सिलेंडर के उपयोग के दौरान मरीज को मुंह से लेकर श्वासनली में ड्राइनेस की समस्या होती है. जिससे बचने के लिए ह्यूमिडफायर बॉटल लगाया जाता है, जो आक्सीजन में नमी को मिलाने का काम करता है.

Next Post

गया के लिए चलेगी पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन, सतना और मैहर में होगा स्टॉपेज

Wed Aug 20 , 2025
सतना: पितृपक्ष पर यात्रियों के लिए विशेष सुविधा को ध्यान में रखते हुए रानी कमलापति से गया के लिए पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन चलेगी। यह ट्रेन सतना और मैहर में भी रुकेगी।पितृपक्ष के पावन अवसर पर गया में पिंडदान एवं तर्पण हेतु बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही को ध्यान में […]

You May Like