
छतरपुर। कोतवाली पुलिस ने नारायणपुर रोड स्थित एक निजी मैरिज गार्डन में हुई चोरी की वारदात का सिर्फ 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग किशोरी को अभिरक्षा में लिया है। उसके पास से सोने–चांदी के आभूषण और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
शादी समारोह के दौरान हुआ था चोरी का मामला
घटना बीती रात आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां एक महिला का पर्स गायब हो गया था। पर्स में सोने-चांदी के जेवर और नगद राशि रखी हुई थी। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत चोरी का प्रकरण दर्ज किया और तत्काल जांच शुरू की।
“चक्षु अभियान” के कैमरों ने खोला राज
जांच में पुलिस को सबसे बड़ी मदद “चक्षु अभियान” के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से मिली। पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास लगे कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया, जिससे संदिग्ध लड़की की पहचान हो गई।
नाबालिग से पूछताछ में हुआ खुलासा
नाबालिग किशोरी शादी समारोह में शामिल होने आई थी। मौका पाकर उसने खाना खाते समय महिला का बैग चुरा लिया और वहां से निकल गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर उसे पकड़कर अभिरक्षा में ले लिया।
सारा सामान सुरक्षित बरामद
पूछताछ के बाद चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आभूषण, पर्स और लगभग डेढ़ लाख रुपये महिला को सौंप दिए। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
