
छतरपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान सघन चेकिंग अभियान चलाया। शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस टीम ने देर रात तक प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों में गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की जांच की।
पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाहनों, तेज रफ्तार बाइक, संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों और बिना दस्तावेज वाहनों पर विशेष निगरानी रखी। कई स्थानों पर बैरिकेड लगाकर चलानी कार्रवाई भी की गई। रातभर पुलिस टीम लगातार अलग-अलग इलाकों में घूमकर लोगों से पूछताछ करती रही।
अभियान के दौरान पुलिस ने नागरिकों से शांति और सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग की अपील की। थाना कोतवाली पुलिस का कहना है कि शहर में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और रात में होने वाले अपराधों को रोकने के लिए ऐसे सघन गश्त अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
