सिंगरौली : गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को ग्राम नौगढ़ में पाँच घंटे का अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ श्रद्धा, भक्ति व आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन संजय नापित द्वारा किया गया।प्रात: 5 बजे प्रारंभ हुए इस आयोजन में भारतीय शक्ति चेतना पार्टी एवं भगवती मानव कल्याण संगठन के जिला एवं तहसील स्तर के पदाधिकारी, टीम-प्रमुख, गुरुभाई-गुरुबहन तथा बड़ी संख्या में माँ भगवती के भक्त एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल हुए।
पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। सामूहिक श्री दुर्गा चालीसा पाठ, गुरु वंदना एवं आध्यात्मिक चिंतन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने गुरु के प्रति अपनी आस्था एवं समर्पण व्यक्त किया। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार रखते हुए कहा कि एक चेतनावान एवं तत्वदर्शी सद्गुरु के श्रीचरणों में बैठकर ऐसी दिव्य शांति और आत्मिक शीतलता का अनुभव होता है, जिससे मनुष्य संसार के दु:ख, तनाव, मोह और विकारों से ऊपर उठने की प्रेरणा प्राप्त करता है। सद्गुरु ही वह दिव्य प्रकाश हैं, जो जीवात्मा को आत्मबोध कराकर उसके आत्मकल्याण व परमकल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक साधक को माँ भगवती से यही प्रार्थना करनी चाहिए कि हमें सदैव उनकी निष्काम एवं पावन भक्ति प्राप्त हो, जिससे हमारा संबंध उनके श्रीचरणों से अटूट बना रहे।
