मुंबई, 30 जुलाई (वार्ता) बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज़ हो गया है, जिसमें रॉकिंग स्टार यश के रावण अवतार ने दर्शकों और फिल्म प्रेमियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया है। भव्य विजुअल्स, विशाल कैनवास और पौराणिक कथा के नए प्रस्तुतीकरण के बीच यश का प्रभावशाली किरदार ट्रेलर की प्रमुख चर्चा बन गया है। ट्रेलर की शुरुआत रावण की पहली झलक से होती है, जहां यश शाही कवच, पैनी निगाहों और दमदार व्यक्तित्व के साथ नजर आते हैं। उनके अभिनय में शक्ति, आत्मविश्वास और एक प्रभावशाली शासक की गरिमा का मिश्रण दिखाई देता है। ट्रेलर के विभिन्न दृश्यों में उनकी स्क्रीन प्रेजेंस दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ती है।
ट्रेलर का एक प्रमुख दृश्य वह है, जिसमें रावण निर्भीक होकर क्रोधा का सामना करता दिखाई देता है। यह दृश्य उसके साहस और अटूट आत्मविश्वास को दर्शाता है। बिना अधिक संवादों के भी यश का अभिनय इस पूरे दृश्य को प्रभावशाली बना देता है। फिल्म के निर्माताओं ने ट्रेलर की संरचना भी रावण के किरदार को विशेष महत्व देते हुए तैयार की है। इसकी शुरुआत रावण की पहली झलक से होती है और समापन उनकी दमदार गर्जना के साथ होता है, जिससे यह किरदार दर्शकों के मन में विशेष स्थान बना लेता है। यश फिल्म में रावण की भूमिका निभाने के साथ-साथ अपनी निर्माण कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले ‘रामायण’ के सह-निर्माता भी हैं। फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। ‘रामायण’ से पहले यश अपनी आगामी फिल्म ‘टॉक्सिक : ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में नजर आएंगे। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी यह फिल्म 26 अगस्त 2026 को विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

