मुंबई, राम्या कृष्णनन आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। ‘बाहुबली’ में राजमाता शिवगामी देवी के किरदार से उन्हें देशभर में पहचान मिली। उन्होंने साउथ के साथ हिंदी फिल्मों में भी काम किया।
साउथ सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री राम्या कृष्णनन ने अपने अभिनय से कई दशकों तक दर्शकों का मनोरंजन किया है। हालांकि, एसएस राजामौली की फिल्म ‘बाहुबली’ में राजमाता शिवगामी देवी का किरदार निभाने के बाद उनकी लोकप्रियता देशभर में और भी बढ़ गई। अपने दमदार अभिनय और अलग-अलग तरह के किरदारों के लिए पहचानी जाने वाली राम्या आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। अभिनेत्री ने सिनेमा में करीब चार दशक का लंबा सफर तय किया है।
राम्या कृष्णनन का जन्म 15 सितंबर 1970 को चेन्नई में हुआ था। उनका संबंध फिल्मी परिवार से रहा और इसी वजह से बचपन से ही उनका झुकाव अभिनय की ओर बढ़ा। साल 1985 में उन्होंने तमिल फिल्म ‘वेल्लई मनसु’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने मलयालम और तेलुगु फिल्मों में भी काम किया और धीरे-धीरे साउथ इंडियन सिनेमा की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं।
हिंदी फिल्मों में भी दिखाया अभिनय का दम
साल 1988 में राम्या ने हिंदी सिनेमा का रुख किया। विनोद खन्ना की फिल्म दयावान में वह डांसर के किरदार में नजर आई थीं। इसके बाद उन्होंने खलनायक, परंपरा, क्रिमिनल, बनारसी बाबू, लोहा, शपथ, वजूद और बड़े मियां छोटे मियां जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि, बड़े मियां छोटे मियां के बाद उन्होंने हिंदी फिल्मों से दूरी बना ली और साउथ इंडस्ट्री में अपना करियर जारी रखा।
24 साल बाद हिंदी सिनेमा में की वापसी
लंबे अंतराल के बाद राम्या ने साल 2022 में फिल्म ‘लाइगर’ से हिंदी सिनेमा में वापसी की। इस फिल्म में उन्होंने विजय देवरकोंडा के किरदार की मां की भूमिका निभाई। इसके बाद वह ‘जाट’ में भी अहम किरदार में दिखाई दीं। इस तरह उन्होंने एक बार फिर हिंदी दर्शकों के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
शिवगामी देवी बनकर छा गईं राम्या
राम्या कृष्णनन के करियर का सबसे यादगार किरदार ‘बाहुबली’ की शिवगामी देवी है। साल 2015 में रिलीज हुई इस फिल्म में उन्होंने माहिष्मति साम्राज्य की राजमाता का किरदार निभाया। उनके रौबदार अंदाज, संवाद अदायगी और दमदार अभिनय ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। ‘बाहुबली’ के दोनों पार्ट के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। अब वह जल्द ही अभिनेता रजनीकांत स्टारर ‘जेलर 2’ में नजर आएंगी, जिसमें वह उनके किरदार की पत्नी की भूमिका निभाती दिखाई देंगी।
