मुंबई, मुंबई इंडियंस (MI) की कप्तानी करने वाले स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या आगामी सीजन में पंजाब किंग्स (PBKS) की जर्सी में नजर आ सकते हैं, जिसको लेकर बातचीत जारी है।
IPL 2027 के 20वें सीजन के आगाज होने से पहले एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस (MI) की कप्तानी करने वाले स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या आगामी सीजन में पंजाब किंग्स (PBKS) की जर्सी में नजर आ सकते हैं।
दरअसल, रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच हार्दिक पांड्या को लेकर एक बड़े ‘ट्रेड’ यानी खिलाड़ियों की अदला-बदली पर बातचीत अंतिम दौर में पहुंच चुकी है।
पंजाब किंग्स में जाएंगे पांड्या?
दरअसल, स्पोर्टस्टार की एक रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब किंग्स (PBKS) ट्रेड विंडो के जरिए हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में शामिल करने के समझौते के बेहद करीब पहुंच गई है। मुख्य कोच रिकी पोंटिंग की देखरेख में पंजाब फ्रेंचाइजी की मुंबई इंडियंस (MI) के साथ बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है।
इस मेगा ट्रेड डील के तहत, भारतीय स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और विकेटकीपर-बल्लेबाज विष्णु विनोद के मुंबई इंडियंस (MI) में जाने की पूरी संभावना है। अगर यह डील फाइनल होती है, तो अर्शदीप सिंह आईपीएल इतिहास में पहली बार पंजाब किंग्स के अलावा किसी दूसरी फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए दिखाई देंगे।
MI ने 3 अन्य फ्रेंचाइजी से भी की थी बात
बता दें कि हार्दिक पांड्या को ट्रेड करने के लिए मुंबई इंडियंस ने केवल पंजाब ही नहीं, बल्कि कम से कम 3 अन्य आईपीएल फ्रेंचाइजी के साथ भी संभावनाएं तलाशी थीं। खबरों की मानें तो पंजाब किंग्स के अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ही एकमात्र ऐसी टीम थी, जिसके साथ मुंबई इंडियंस की बातचीत काफी आगे बढ़ी थी।
इस बातचीत में हार्दिक के बदले कई खिलाड़ियों के लेन-देन पर विचार किया जा रहा था, लेकिन आखिरकार बात किसी ठोस परिणाम तक नहीं पहुंच सकी।
पंजाब ने अर्शदीप को 18 करोड़ में रखा था बरकरार
गौरतलब है कि पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी से पहले अर्शदीप सिंह को रिलीज कर दिया था। हालांकि, ऑक्शन टेबल पर पंजाब ने ‘राइट टू मैच’ (RTM) कार्ड का इस्तेमाल करके उन्हें वापस अपनी टीम में शामिल किया।
नीलामी के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने अर्शदीप के लिए अपनी बोली को 15.75 करोड़ रुपये से बढ़ाकर सीधे 18 करोड़ रुपये कर दिया था, जिसके बाद PBKS ने इसी मैचिंग प्राइस (18 करोड़ रुपये) की पेशकश कर इस धाकड़ बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को अपने साथ बरकरार रखा था।
पांड्या की कप्तानी में MI का निराशाजनक प्रदर्शन
हार्दिक पांड्या आईपीएल 2024 से पहले गुजरात टाइटंस (GT) से एक पूरी तरह से कैश डील के जरिए मुंबई इंडियंस में वापस लौटे थे। इससे पहले उन्होंने गुजरात टाइटंस के साथ दो बेहद सफल सीजन बिताए थे, जहां 2022 में उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को डेब्यू सीजन में ही खिताब जिताया था।
हालांकि, मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में उनकी वापसी सफल नहीं रही। उनके नेतृत्व में टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता गया और आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की टीम अंक तालिका में 9वें स्थान पर रही, जिसके बाद से ही उनके टीम छोड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं।
