इंदौर: गांधी नगर क्षेत्र की राजकमल रेसीडेंसी स्थित एक फ्लैट में बिजली कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई. सोमवार रात करीब 12:30 बजे सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. शुरुआती जांच में शव करीब 12 घंटे पुराना होने की आशंका है. शरीर पर हल्के चोट के निशान भी मिले हैं. फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है.
मृतक की पहचान निर्मल राजपूत के रूप में हुई है. वह मूल रूप से एरोड्रम क्षेत्र के बागड़दा का रहने वाला था और बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर काम करता था. निर्मल राजकमल रेसीडेंसी में रहने वाली एक महिला का परिचित था. महिला अपने पति से अलग रहती है. पुलिस फ्लैट में रहने वाली महिला से पूछताछ कर रही है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस…
सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज में निर्मल बिल्डिंग में पीछे के रास्ते से आता दिखाई दिया है. पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी आवाजाही और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है, निर्मल के परिवार में पत्नी और एक बेटी हैं. मामले में एसीपी निधि सक्सेना ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है, महिला मित्र से पूछताछ की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
