डीट्ज ने वेस्टइंडीज महिला टीम के मुख्य कोच पद से दिया इस्तीफा

सेंट जॉन्स, 04 नवंबर (वार्ता) शेन डिट्ज ने वेस्टइंडीज महिला टीम के मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया है। वे तीन साल तक इस भूमिका में रहे। क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने पुष्टि की है कि उनका कार्यकाल 31 अक्टूबर को समाप्त हो गया और यह फैसला “आपसी सहमति” से लिया गया है। सीडब्ल्यूआई ने बताया कि वेस्टइंडीज पुरुष टेस्ट टीम के पूर्व मुख्य कोच आंद्रे कोली, पाकिस्तान के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए महिला टीम के अंतरिम कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। सीडब्ल्यूआई ने अभी तक इस दौरे की तारीखों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन इसके दिसंबर के दूसरे सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है।

कोली पहले से ही वेस्टइंडीज के कोचिंग सिस्टम का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने ‘हाई-परफॉरमेंस प्रोग्राम’ में योगदान दिया है और पिछले साल वेस्टइंडीज पुरुष ‘ए’ टीम के कोच भी रह चुके हैं।

डिट्ज़ के कार्यकाल के दौरान, वेस्टइंडीज की टीम लगातार दो महिला टी-20 वर्ल्ड कप (2024 और 2026) के सेमीफाइनल तक पहुंची। 2024 में वेस्टइंडीज को न्यूजीलैंड से हार मिली, जबकि इस साल उन्हें ऑस्ट्रेलिया ने हराया।

सीडब्लयूआई के क्रिकेट निदेशक माइल्स बास्कोम्बे ने कहा, “शेन इस टीम को लगातार दो वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तक ले गए, और अब यह इस टीम के लिए एक मानक बन गया है। हम इसके लिए उन्हें धन्यवाद देते हैं। उन्होंने हमें अपनी योजनाओं के बारे में बताया, और हमने मिलकर यह तय किया कि अभी टीम की कमान किसी और को सौंपना सबसे सही रहेगा। आंद्रे के पास वेस्टइंडीज क्रिकेट सिस्टम का काफी अनुभव है, जिसमें पिछले साल पुरुष ‘ए’ टीम के साथ काम करना भी शामिल है। हम इस जिम्मेदारी को लेने के लिए उनकी सराहना करते हैं, जिससे पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली सीरीज की तैयारी बिना किसी रुकावट के जारी रह सकेगी।”

टीम के साथ बिताए अपने समय को याद करते हुए, डिट्ज ने कहा, “पिछले तीन साल काफी सफल रहे। मैं खिलाड़ियों, स्टाफ और क्रिकेट वेस्टइंडीज को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।”

 

Next Post

US Elections 2026: भारतीय मूल के नेताओं का दबदबा, पिया डंडिया, सुहास सुब्रमण्यम और अरुणा मिलर ने दर्ज की जीत

Wed Nov 4 , 2026
US Senate Elections Results 2026: अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में भारतीय मूल के नेताओं ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। पिया डंडिया, सुहास सुब्रमण्यम और अरुणा मिलर ने जीत हासिल की। अमेरिका में 3 नवंबर को मध्यावधि चुनाव के लिए मतदान हुआ था, आज इसके नतीजे सामने आने लगे हैं। इस […]

You May Like