ग्वालियर: कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, ग्वालियर में ब्लड कंपोनेंट थेरेपी यूनिट का शुभारंभ किया गया। ब्लड कंपोनेंट थेरेपी एक आधुनिक चिकित्सा पद्धति है, जिसमें रक्त को विशेष मशीनों द्वारा विभिन्न घटकों जैसे प्लाज़्मा, रेड ब्लड सेल्स, प्लेटलेट्स, इम्यूनोग्लोबुलिन्स आदि में विभाजित कर अलग-अलग सुरक्षित बैग्स में संरक्षित किया जाता है। इसके पश्चात मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार केवल आवश्यक रक्त घटक नसों के माध्यम से प्रदान किया जाता है। इससे न केवल रोग का अधिक प्रभावी उपचार संभव होता है, बल्कि मरीजों की जीवन गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होता है।
इस अवसर पर संयुक्त रूप से ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन से संबंधित सभी अत्याधुनिक मशीनों का संचालन प्रारंभ किया गया।यह सुविधा किसी तृतीयक क्षेत्रीय कैंसर उपचार केंद्र में उपलब्ध होना दूरदर्शी पहल है, जो निरंतर रोगियों की सेवा के लिए समर्पित रहेगी।इस अवसर पर जेसीआई ग्वालियर सुरभि एवं पी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नर्सिंग छात्राओं द्वारा ब्लड बैंक कॉरिडोर में पोस्टर प्रस्तुति से हुई, जिसमें रक्तदान एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की गईं। इसके पश्चात ब्लड बैंक टीम द्वारा पी.जी. कॉलेज के संकाय सदस्यों को ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन मशीनों का विस्तृत परिचय कराया गया। इस शिविर में कुल 14 यूनिट रक्तदान किया गया।
