गुना में आफत की बारिश: 24 घंटे में 79 मिमी बरसा पानी

गुना :जिले में मानसून ने एक बार फिर विकराल रूप धारण कर लिया है। बीते 24 घंटों के भीतर जिला मुख्यालय पर 79 मिमी मुसलाधार बारिश दर्ज की गई है। इस ताजा बारिश के साथ ही जिले में अब तक औसत की 81.6 प्रतिशत (859.4 मिमी) बारिश पूरी हो चुकी है, जबकि जिले की कुल औसत बारिश का कोटा 1053 मिमी है। मौसम के इस तल्ख रुख को देखते हुए जिला प्रशासन ने आगामी 48 घंटों के लिए पूरे जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

आपातकालीन स्थिति में यहां मिलेगी मदद
मौसम में आए इस अचानक बदलाव के चलते जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। प्रशासन ने ताकीद की है कि लोग अनावश्यक आवागमन से बचें, उफान पर आए नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और रपटों/पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं। साथ ही जर्जर भवनों और बिजली के तारों व खंभों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति, मकान गिरने या जलभराव की सूचना देने के लिए प्रशासन ने जिला कंट्रोल रूम (07542 250415), नगरपालिका कंट्रोल रूम (9754507311, 9039815644, 7697252077) तथा होमगार्ड कंट्रोल रूम (07542252266, 9425762487) के आपातकालीन नंबर जारी किए हैं।

बारिश के आंकड़ों पर एक नजर
भू-संसाधन प्रबंधन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में गुना में 79 मिमी के अलावा बमोरी में 54.6 मिमी, आरोन में 48 मिमी, मक्सूदनगढ़ में 44 मिमी, चांचौड़ा में 31 मिमी तथा राघौगढ़ व कुंभराज में 23-23 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस सीजन की कुल बारिश पर नजर डालें तो मक्सूदनगढ़ 1327 मिमी के साथ सबसे आगे है, वहीं कुंभराज में 1092 मिमी, चांचौड़ा में 907 मिमी, राघौगढ़ में 780 मिमी, आरोन में 693 मिमी, गुना में 672 मिमी और बमोरी में 547 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।

Next Post

मोहिनी बांध का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों को किया एलर्ट

Fri Sep 4 , 2026
ग्वालियर: मौसम विभाग द्वारा सिंध नदी के जल संग्रहण क्षेत्र मे भारी बारिश की चेतावनी जारी होने पर मोहिनी सागर बांध के वर्तमान जलआवक दर मे वृद्धि होने की दशा मे मोहिनी बांध के जलद्वारों से जल प्रवाह 100 क्यूमेक से बढ़ाकर 250 क्यूमेक कर दिया गया है। उक्त जल […]

You May Like