
सिंगरौली । देवसर विकासखंड के ग्राम पंचायत गन्नई गजरहिया में आज शुक्रवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर उस समय चर्चा में आ गया, जब समस्या का निराकरण नहीं होने से नाराज एक ग्रामीण ने एसडीएम देवसर के वाहन के सामने लाठी भांज दी और वाहन पर प्रहार कर दिया। घटना के बाद एसडीएम वाहन से नीचे उतरे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इधर बताते चले कि आज के इस शिविर में 308 आवेदन प्राप्त हुये, जिसमें 242 आवेदनों का निराकरण किया गया है।
शिविर में देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, संभागायुक्त, कलेक्टर, एसपी सहित विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख पहुंचे थे। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर शिविर में आए थे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के रवाना होने के दौरान कुछ ग्रामीण एसडीएम के वाहन के सामने पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप था कि समस्याएं सुनने के बावजूद उनका मौके पर समाधान नहीं हुआ। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी दौरान एक ग्रामीण ने गुस्से में लाठी घुमाते हुए एसडीएम के वाहन पर प्रहार कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम वाहन से नीचे उतरे और ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने गन्नई के सेटेलाइट विद्यालय तथा लालीमहुआरी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के जर्जर भवनों की शिकायत की। उनका कहना था कि दोनों भवन लंबे समय से खराब हालत में हैं और कभी भी हादसा हो सकता है। शिकायत सुनने के बाद एसडीएम स्वयं ग्रामीणों के साथ दोनों भवनों का निरीक्षण करने पहुंच गए।
पुलिस ने कराया मामले को शांत
मौके पर पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। घटना के बाद शिविर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि पिछले दिनों चितरंगी क्षेत्र के बदगरा में भी मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर आयोजित हुआ था। वहां ग्रामीणों ने शिविर को महज खानापूर्ति बताते हुए अधिकांश समस्याओं का निराकरण नहीं होने का आरोप लगाया था। उस शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह भी शामिल हुई थीं। लगातार सामने आ रही ऐसी शिकायतों से जन विश्वास शिविरों की वास्तविक उपयोगिता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इनका कहना:-
शिविर समाप्त होते ही कुछ ग्रामीणों ने एसडीएम के समक्ष विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केन्द्र भवन की समस्या को सुनाएं, एसडीएम तत्काल विद्यालय पहुंच भवन को देखा है। कल दिन शनिवार को डीईओ से स्थल कर निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं।
रवि उईके
सहायक जनसंपर्क अधिकारी, सिंगरौली
