चंद्रबाबू ने समुद्र में लापता मछुआरों की तलाश में खोज अभियान तेज करने के दिये निर्देश

विजयवाड़ा, 18 अगस्त (वार्ता) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने समुद्र में लापता हुए आठ मछुआरों की तलाश के लिए अधिकारियों को बचाव अभियान तेज करने और सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल करने के मंगलवार को निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने आज समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि जब तक मछुआरों और उनकी नाव का सुराग नहीं मिल जाता, तब तक तटरक्षक बल, राज्य मत्स्य विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से खोज अभियान जारी रखें।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सूचित किया कि लापता मछुआरों के मोबाइल फोन से संपर्क नहीं हो पा रहा है।

कोनासीमा के जिलाधिकारी महेश कुमार ने बताया कि ये मछुआरे तीन अगस्त को ओडालारेवू से एक मशीनीकृत नाव पर सवार होकर समुद्र में गये थे, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है। फिलहाल भारतीय तटरक्षक बल, नौसेना और मरीन पुलिस आपसी समन्वय के साथ खोज में लगी हुई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि मछुआरों का पता चलने तक यह अभियान जारी रहेगा और इस संबंध में अन्नवरम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है।

इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री एवं वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने भी मछुआरों के गायब होने पर गहरी चिंता जतायी है। उन्होंने सरकार से सभी संसाधनों का उपयोग कर उन्हें सुरक्षित वापस लाने की अपील की और कहा कि वह मछुआरों की सकुशल वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं तथा सरकार को इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा रहना चाहिए।

 

 

Next Post

युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़कर विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प होगा साकार-साय

Tue Aug 18 , 2026
रायपुर, 18 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है तथा विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं को उनकी रुचि […]

You May Like