कुएं, बावड़ी संरक्षण के साथ स्वच्छता का संदेश

उज्जैन: जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत एक सामाजिक जन चेतना की तस्वीर देखने को मिली, जिसमें बचाओ अपना कल, बेटी और जल जैसे स्लोगन के साथ जनप्रतिनिधियों ने अभियान की शुरुआत की, मंगलवार को वन क्षेत्र में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत बावड़ी की सफाई का कार्य किया गया. अभियान में उज्जैन के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने सहभागिता की. सभी ने श्रमदान कर जल स्रोतों की सफाई की और इनके संरक्षण का संदेश दिया.

जल स्रोतों को सहेजने, स्वच्छता बनाए रखने और जल की हर बूंद के महत्व को समझाने के उद्देश्य से शहर में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. प्राचीन कुएं और बावड़ियों का संरक्षण न केवल हमारी ऐतिहासिक धरोहर को बचाने का काम करता है, बल्कि भीषण गर्मी में आमजन को पीने योग्य जल उपलब्ध कराकर राहत भी देता है. जल बचत और जल स्रोतों की स्वच्छता को लेकर अब जनजागरण अभियान तेज करने पर जोर दिया जा रहा है, खासकर सिंहस्थ जैसे बड़े आयोजनों को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं से भी जिम्मेदारी निभाने की अपील की जा रही है. देश-प्रदेश की सरकार बेटियों को बचाने से लगाकर जल संरक्षण पर काम कर रही है यह बात प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने कही.

आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित
इस दौरान मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण किसी एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है. स्वच्छ और सुरक्षित जल के लिए जनभागीदारी सबसे बड़ी ताकत है और यही इस अभियान की मूल भावना है. अभियान के जरिए लोगों को जल बचाने और पारंपरिक जल संरचनाओं को पुनर्जीवित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.

सिंहस्थ तक चले अभियान
सिंहस्थ में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर विशेष जनजागरण अभियान चलाने की बात कही गई. श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे जल का दुरुपयोग न करें, घाटों और जल स्रोतों को स्वच्छ रखें, ताकि सभी को स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके और व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव न पड़े.

प्रभारी मंत्री ने बाबा साहब को याद किया
वहीं, डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर कालिदास संस्कृत अकादमी के पं. सूर्य नारायण व्यास संकुल सभागृह में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने बाबा साहेब को संविधान के शिल्पकार, सामाजिक न्याय के अग्रदूत बताते हुए कहा कि उनका जीवन समरस समाज की स्थापना का आधार है.

उन्होंने शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो के संदेश को आज भी प्रासंगिक बताया. दोनों कार्यक्रम में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शिवानी कुंवर, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमट, बीजेपी अध्यक्ष संजय अग्रवाल, रूप पमनानी, प्रवक्ता राजेन्द्र भारती सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे. अतिथियों ने बाबा साहेब और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
अंत में हम एक भारत, श्रेष्ठ भारत के निर्माण में योगदान देंगे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देंगे के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ

Next Post

मयंक अब मैच फ़िट, आरसीबी के ख़िलाफ़ मिल सकता है मौक़ा

Wed Apr 15 , 2026
बेंगलुरु, (वार्ता) दो साल पहले बेंगलुरु में ही लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के तेज गेंदबाज मयंक यादव ने अपनी तेज़ रफ़्तार और आक्रामक गेंदबाज़ी को दुनिया के सामने पहली बार पेश किया था। स्पीड गन 156.7 kph तक पहुंची थी और मयंक ने एक के बाद एक कई बल्लेबाज़ों को […]

You May Like