इंदौर: गांधीनगर थाना क्षेत्र के अरिहंत नगर में बेटे के साथ मारपीट का विरोध करने पर दो युवकों ने उसके पिता से गाली-गलौज की और तलवार लेकर हमला करने दौड़े. तलवार पकड़ने के दौरान पिता के दाहिने हाथ की अंगुली में चोट लग गई, पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
46 वर्षीय महेश घावरी ने पुलिस को शिकायत में बताया कि हरीश और रितिक उनके बेटे तुषार के साथ झूमाझटकी कर रहे थे. बेटे की आवाज सुनकर वे घर से बाहर आए और दोनों को समझाने लगे. इस पर दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर हरीश घर से बिना धार वाली तलवार लेकर आया और उन्हें मारने दौड़ा. महेश ने तलवार पकड़ ली, जिससे उनके दाहिने हाथ की अंगुली में चोट आई. पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
