
भोपाल। बागसेवनियां थाना पुलिस ने दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने वाली 2 महिला आरोपियों के साथ आरोपी युवक चंदन यादव को गिरफ्तार किया है. महिला आरोपी अमरीन उर्फ माहिरा और आफरीन आपस में सगी बहनें है. आरोपी चंदन को लेकर यह जानकारी सामने आई है कि उसने इस्लाम धर्म अपना लिया है. सभी आरोपियों से पुलिस की पूछताछ जारी है.
जानकारी के मुताबिक पुलिस की अब तक की पूछताछ में महिला आरोपियों ने अपने गिरोह को लेकर खुलासा किया है. खुलासे में महिलाओं का टारगेट पर लेकर धर्म परिवतर्न कराने के साथ ही देह व्यापार में धकेला था. आरोपी बहनें रईसों लड़कों को अपना क्लाइंट बनाते हुए लड़कियों की सप्लाई का घिनौना काम कर रही थी. मुंबई और गुजरात सहित शहरों में इनका नेटवर्क सक्रिय है. महिला आरोपियों ने आपराधिक काम करते हुए लग्जरी लाइफ जी रही थी. दोनों ने शहर में महंगी प्रापर्टी भी तैयार कर ली है.
आरोपियों का भंड़ाफोड़ तब हुआ जब रविवार को छत्तीसगढ़ की रहने वाली 30 वर्षीय पीड़ित महिला ने तीनों आरोपी युवकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत की. पीड़िता के अनुसार आरोपी गरीब घर की महिलाओं को पैसा का लालच देकर टारगेट में लेते थे. पहले महिलाओं को घरेलू काम के लिए बेहतर सैलरी का लालच देकर रखा जाता है. इसके बाद उन्हें देह व्यापार में धकेल दिया जाता है. पीड़िता के साथ भी आरोपियों ने ऐसा ही किया था. पीड़िता को आरोपियों के खिलाफ खड़े होने की ताकत तब मिली, जब एक अन्य पीड़िता की तरफ से सोशल मीड़िया पर इसके खिलाफ आवाज उठाई गई. पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस को अंदेशा है कि शहर में अन्य महिलाओं के साथ भी इस तरह की घटनाएं हुई होंगी. सभी आरोपियों से मामले में पुलिस की पूछताछ जारी है. इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी पुलिस जल्द ही कर सकती है.
