सीहोर। देश में सनातन बोर्ड की स्थापना अति आवश्यक हो गई है. सनातन बोर्ड की मांग करते हुए सभी को इसके लिए जुट जाने और काम करने की जरूरत है. यह दुर्भाग्य है कि दूसरे मजहबों के कई देश हैं, जिनमें सब एक हैं लेकिन हिंदुओं का एक देश है, उसमें भी हिंदू बंटे हुए हैं. हिदंूओं को एकजुट होना होगा, एक साथ रहना होगा.
उक्त उद्गार देश के प्रसिद्व कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने गुरुवार को कुबेरेश्वर धाम में जारी शिव महापुराण के दौरान व्यक्त किए. व्यासपीठ पर पहुंचे कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि कुबेरेश्वरधाम पर स्वयं महादेव विराजमान हंै. यहां भक्ति का महासागर उमड़ रहा है. पंडित मिश्रा के पुत्र राघव मिश्रा भी उनकी तरह विनम्र हैं. मैं कामना करता हूं कि जो नाम पंडित मिश्रा ने दुनिया में स्थापित किया उससे अधिक उनके पुत्र की कीर्ति बढ़े.
इस अवसर पर पं. प्रदीप मिश्रा ने कहा कि कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर महाराज सनातन धर्म के पुनर्जागरण, संस्कृति संरक्षण और युवाओं को भारतीय परंपराओं से जोडऩे के लिए निरंतर कार्यरत हैं. वे भागवत कथाओं के माध्यम से धर्म, संस्कार और राष्ट्र प्रेम का संदेश देते हैं. सनातन प्रीमियम लीग और सनातन धर्म संसद जैसी पहल से युवाओं को धर्म से जोड़ रहे हैं. इंदौर में 13 मार्च से देश का पहला सनातन प्रीमियर लीग होगा. जिसमें देशभर से चुनी आठ टीमें खेलेंगी. 15 मार्च को फाइनल होगा. जिसमें विजेताओं को ट्रॉफी दी जाएगी. मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि फुलेरा दूज के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल और धतूरा अर्पित किया। मध्य रात्रि से ही श्रद्धालु धाम पर पहुंचने लगे थे और भजन-कीर्तन में लीन रहे. शुक्रवार को कथा सुबह आठ बजे आरंभ होगी. अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में प्रतिदिन लाखों भक्त उपस्थित हो रहे हैं. उन्होंने अपने प्रवचन में कहा-अगर हमारे पास धन, समय और वस्तुएं हैं तो जरूरतमंदों की मदद करने में पीछे नहीं हटना चाहिए। परोपकार सबसे बड़ा पुण्य है.
