जबलपुर: लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण करें, इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरतें। महिला अपराधों मेें संवेदनशीलता बरतते हुये तत्काल कार्रवाई कर शीघ्र विवेचना पूर्ण कर चालान पेश करें। धोखाधड़ी के प्रकरणों में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाकर पतासाजी कर प्रकरण में आरोपी की गिरफ्तारी में तेजी लाएं। अपहृत बालक, बालिकाओं की हर सम्भव प्रयास कर दस्तयाबी करें।
गुंडे बदमाशों की निगरानी करते हुए उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएं। यह बातें पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने बुधवार को पुलिस कन्ट्रोलरूम में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में कप्तान ने त्रिवार्षिक तुलनात्मक भादवि, बीएनएस व प्रतिबंधात्मक एवं माईनर एक्ट की विस्तार से समीक्षा की गयी। लंबित अपराधों कें निराकरण के सम्बंध मे आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
सुरक्षा मजबूत कर सादे कपड़ों में भी तैनाती हो, फिक्स प्वाईंट लगायें
बैठक में एसपी संपत उपाध्याय ने कहा कि रक्षाबंधन पर्व पर बाजारों, रेल्वे स्टेशन, बस स्टैण्ड में होने वाली अधिक भीड़ को मद्देनजर रखते हुये सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाये। कहीं कोई जाम की स्थिति निर्मित न हो। फिक्स प्वाईंट लगाये, साथ ही असामाजिक तत्वों पर निगाह रखने के लिए सादे कपड़ों में भीड़ भाड़ वाले इलाकों में क्राईम ब्रांच एवं पुलिस टीम तैनात करे। बाजार व्यवस्था एवं चैकिंग के लिए पुलिस लाईन से अतिरिक्त बल प्रदाय किया जायेगा।
