
भोपाल। शहर में इन दिनों बाइक सवारों से लिफ्ट लेकर लूटपाट करने वाला गिरोह सक्रिय है. लूट का शिकार हुए लोगों की शिकायत पर पुलिस ने अबतक गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरोह में शामिल अन्य लोग सक्रिय हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी है.
जानकारी के मुताबिक गांधी नगर और सूखी सेवनिया इलाके में तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं. गांधी नगर में दो और सूखी सेवनिया थाने में एक मामले दर्ज हैं. अयोध्या एक्सटेंशन में रहने वाले डॉक्टर हेमराज जाटव (45) के साथ 14 अगस्त को रात के समय वारदात हुई. हेमराज रायसेन गए थे और अपने घर लौट रहे थे. रत्नागिरी चौराहे के पास उनसे दो लोगों ने लिफ्ट मांगी. मानवता दिखाते हुए हेमराज ने दोनों को लिफ्ट दे दी. युवकों ने जहां उतरने का बोला था. वहां पहुंचने के बाद भी वह बाइक से नहीं उतरे. हेमराज का आरोप है कि दोनों ने उन्हें धमकाया और एक ने खुद ही बाइक चलानी शुरू कर दी. दोनों आरोपी हेमराज को कोकता बायपास मार्ग पर सुनसान इलाके में लेकर गए और हेमराज की बाइक, मोबाइल फोन, लैपटाप सहित सामान लूटकर भाग निकले. हेमराज की शिकायत पर सूखी सेवनियां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया. इससे पहले इसी तरह की दो घटनाएं गांधी नगर इलाके में हुई. बाइक सवार इंजीयिर युवक ने दो लोगों को लिफ्ट दी थी और लूट का शिकार हुए. इस इलाके में घटना के कुछ दिनों बाद पेंटर का काम करने वाले एक युवक के साथ जेल रोड़ पर लूट की वारदात हुई. गांधीनगर थाना पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश दोनों थानों की पुलिस टीमें कर रही है.
