
नयी दिल्ली, 03 अक्टूबर (वार्ता) डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव ने प्रणवी उर्स को एशियाई खेलों में गोल्फ में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीत पर बधाई दी है। कपिल ने अपने बधाई संदेश में कहा, “एशियन गेम्स में महिलाओं के व्यक्तिगत इवेंट में प्रणवी उर्स का ऐतिहासिक गोल्ड मेडल और हमारी महिला टीम का सिल्वर मेडल जीतना भारत और भारतीय गोल्फ़ के लिए बहुत गर्व की बात है। ये मेडल हमारे खिलाड़ियों के टैलेंट, दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत के साथ-साथ हमारे देश में महिलाओं के गोल्फ़ की बढ़ती ताकत को दिखाते हैं। प्रणवी ने भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने के लिए ज़बरदस्त हिम्मत और अटूट विश्वास दिखाया, जबकि अदिति, दीक्षा और प्रणवी ने एक टीम के तौर पर अच्छा तालमेल बिठाकर भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई और पूरे भारतीय गोल्फ़ समुदाय की ओर से, मैं उन सभी को बधाई देता हूँ। उन्होंने भारत का मान बढ़ाया है और दिखाया है कि जब आप खुद पर विश्वास करते हैं, अनुशासित रहते हैं और सबसे बड़े मंच पर निडर होकर मुकाबला करते हैं, तो क्या कुछ हासिल किया जा सकता है।”
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप जोहल ने कहा, “प्रणवी उर्स ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन किया है और उनका ऐतिहासिक गोल्ड मेडल भारतीय गोल्फ़ के लिए गर्व का क्षण है। पूरे कॉम्पिटिशन के दौरान उनका संयम, निरंतरता और आत्मविश्वास वाकई प्रभावशाली रहा है। साथ ही, महिला टीम का सिल्वर मेडल भारत में महिलाओं के गोल्फ़ की गहराई और बढ़ती ताकत का सबूत है। हमें खुशी है कि प्रणवी, अदिति और दीक्षा ने इतने प्रतिष्ठित मंच पर प्रदर्शन किया और भारतीय गोल्फ़ को मजबूती से सुर्खियों में ला खड़ा किया। उनकी उपलब्धियाँ भारतीय गोल्फ़रों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करेंगी। हम डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई की ओर से प्रणवी और भारतीय महिला टीम को इस यादगार सफलता पर दिल से बधाई देते हैं।”
